Lucknow Super Giants Released Players IPL 2027: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सफर खत्म हो गया है. लीग स्टेज के 14 मैचों में से उसने सिर्फ 4 जीते, जबकि बाकी 10 मैचों में हार झेलनी पड़ी. ऋषभ पंत की कप्तानी में ये टीम कागजों पर मजबूत दिख रही थी, लेकिन 14 मैचों के बाद टीम की स्थिति ये बता रही है कि यह सीजन उसके लिए किसी डरावने सपने जैसा साबित हुआ है. इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स मैनेजमेंट अब बड़े और कड़े फैसले लेने की तैयारी में है.

आईपीएल 2027 की नीलामी (Auction) से पहले फ्रेंचाइजी उन 3 हाई-प्रोफाइल और महंगे खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाने जा रही है, जिन पर टीम ने पानी की तरह पैसा बहाया था और वो पूरी तरह फ्लॉप हुए हैं. अगर इन 3 फ्लॉप खिलाड़ियों की कुल कीमत जोड़ी जाए, तो वह लगभग 50 करोड़ रुपये बैठती है. मोटा पैसा लेने के बावजूद इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन रत्ती भर भी अच्छा नहीं रहा. आइए नजर डालते हैं उन 3 फ्लॉप खिलाड़ियों पर, जिन्हें एलएसजी रिलीज कर सकती है.
1. ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये)
लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ बोली लगाकर ऋषभ पंत को अपने साथ जोड़ा था और टीम का नया कप्तान नियुक्त किया था, लेकिन लखनऊ के लिए खेले दो सीजन में पंत का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा. 28 साल के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने लखनऊ के लिए 28 मैचों की 26 पारियों में बेहद साधारण बल्लेबाजी करते हुए केवल 581 रन बनाए हैं.
Khabar Monkey
ऋषभ पंत की अगुवाई में एलएसजी आईपीएल 2025 में 7वें नंबर पर रही और अब आईपीएल 2026 में सबसे नीचे (10वें स्थान पर) आ गई. बतौर कप्तान वह 28 मैचों में से केवल 10 मैच ही जिता सके. 27 करोड़ की भारी कीमत के बाद ऐसा प्रदर्शन मैनेजमेंट के लिए बर्दाश्त से बाहर है. अब टीम ना सिर्फ उनसे कप्तानी छीन सकती है, बल्कि उन्हें रिलीज भी करने का बड़ा फैसला ले सकती है.
2. मयंक यादव (11 करोड़ रुपये)
अपनी तूफानी रफ्तार के लिए जाने जाने वाले भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव को लखनऊ ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी से पहले 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन पिछले दो सीजन से मयंक केवल अनफिट और चोटिल ही नजर आए हैं. मयंक इन दो सालों में लखनऊ के लिए सिर्फ 6 मैच ही खेल पाए, जिसमें वह महज 2 विकेट चटका सके. साल 2025 में चोट के कारण उन्होंने 2 मैच खेले और 2 विकेट लिए, जबकि आईपीएल 2026 में 4 मैच खेलने के बावजूद वह पूरी तरह विकेटलेस (एक भी विकेट नहीं) रहे. 11 करोड़ के खिलाड़ी का बेंच पर बैठे रहना टीम को भारी पड़ा है. अब आईपीएल 2027 से पहले टीम इस गेंदबाज को रिलीज कर सकती है.
3. आवेश खान (9.75 करोड़ रुपये)
मध्य प्रदेश से आने वाले इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आवेश खान को लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 9.75 करोड़ रुपये की मोटी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन आईपीएल 2026 में आवेश की गेंदबाजी में वह पैनापन नजर नहीं आया. इस सीजन में उन्हें 7 मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें वह सिर्फ 6 विकेट ही ले पाए. इस दौरान उन्होंने 11.06 के बेहद महंगे इकोनॉमी रेट से रन लुटाए, जिसके चलते टीम लगातार मैच हारती चली गई. अब आवेश की भी छुट्टी हो सकती है.
क्या है एलएसजी का आगे का प्लान?
19वां सीजन लखनऊ के लिए बुरे सपने की तरह रहा है. अब इस टीम ने अगले सीजन की तैयारी शुरू कर दी है. लखनऊ सुपर जायंट्स के पास पहले से ही तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव जैसे शानदार गेंदबाज मौजूद हैं. ऐसे में आवेश खान और मयंक यादव जैसे महंगे गेंदबाजों के अलावा ऋषभ पंत को रिलीज करके लखनऊ मैनेजमेंट आईपीएल 2027 के ऑक्शन के लिए करीब 48 करोड़ रुपये का भारी-भरकम फंड बचाना चाहता है. इस बचे हुए पैसे से टीम अगले ऑक्शन में एक धाकड़ कप्तान और मजबूत मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों को टारगेट करेगी.





