झज्जरः हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में लारेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है. इस मुठभेड़ में दोनों गैंगस्टरों की मौत हो गयी. वहीं एक पुलिस कांस्टेबल गम्भीर रूप से घायल हो गया.

बहादुरगढ़ का बालौर बाईपास का इलाका उस समय गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज से दहल उठा, जब दिल्ली स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम की लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटरों से आमनासामना हो गया. करीब 12 से 13 राउंड चली फायरिंग के बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को मार गिराया. मारे गए बदमाशों की पहचान हिसार के टिब्बा दानाशेर निवासी प्रवेश और जाखोड़ खेड़ा निवासी हिमांशु के रूप में हुई है.
प्रवेश और हिमांशु पर थे 11 लाख रुपये के इनाम
बता दें कि दोनों ही बदमाशों पर एकएक लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों बदमाश बहादुरगढ़ में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. गुप्त सूचना मिलने के बाद दिल्ली स्पेशल सेल और बहादुरगढ़ एसटीएफ ने बालौर बाईपास पर संयुक्त घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं और आखिरकार दोनों शूटर ढेर हो गए.
एनकाउंटर में पुलिसकर्मी भी हुआ घायल
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया. वहीं बदमाशों की गोलियां चार अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराईं, जिससे उनकी जान बच गई.
जिम संचालक की हत्या के थे आरोपित
एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि मारे गए दोनों बदमाश पिछले महीने हांसी में जिम संचालक की हत्या के मुख्य आरोपी थे और लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल थे. घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा करेगी.
खुद को घेरता देख शुरू कर दी थी फायरिंग
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आज गुप्त सूचना के आधार पर हरियाणा पुलिस की STF, बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने बहादुरगढ़ क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान प्रवेश पुत्र जय प्रकाश, निवासी तिब्बा दानाशेर, हिसार और हिमांशु पुत्र सुशील कुमार, निवासी गांव जाखोद खेड़ा, जिला हिसार को घेर लिया गया. दोनों आरोपी थाना सिटी हांसी में दर्ज एफआईआर संख्या 379/11.06.2026 में वांछित थे। यह मामला हांसी में दिनदहाड़े जिम संचालक कपिल की हत्या से जुड़ा है. दोनों आरोपियों पर ₹11 लाख का इनाम घोषित था और दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जाते हैं.
किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे दोनों बदमाश
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हथियारों से लैस हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बहादुरगढ़ पहुंचे हैं. संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों वांछित आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. जिसमें से दोनों बदमाशों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.




