फिजिकल फिट रहने की बात हो तो अधिकतर ये सोचते हैं कि हमें जिम या एक्सराइज ही करनी चाहिए. जबकि ऐसा सोचना गलत है. इसकी जगह आप कुछ मिनट की सैर भी कर लेते हैं तो लिवर, किडनी समेत पूरे शरीर को अलग-अलग फायदे मिलते हैं. आज का समय काफी बदल गया है क्योंकि अब न पहले जैसा खानपान है और न ही लोगों की आदतें. बिजी लाइफ के कारण लोग खुद की सेहत का ठीक से ख्याल नहीं रख पाते हैं. देर तक सोना, जंक फूड्स, किसी भी तरह की फिजिकल एक्टिविटी न करने की वजह से शरीर छोटी उम्र में ही बीमारियों का घर बन रहा है. हेल्थ एक्सपर्ट कहते हैं कि हमें रोजाना सैर करनी चाहिए. पर इससे जुड़े भी कई सवाल हैं जिनमें एक है कि हमें सुबह या शाम कब सैर करनी चाहिए.

लोगों की लाइफ बिजी है इसलिए वो समय निकालकर शाम या अंधेरा होने पर सैर करते हैं. इस आर्टिकल में हम आपको बताने जा रहे हैं कि क्यों सुबह की सैर शाम के मुकाबले ज्यादा बेहतर है. एक्स्पर्ट के जरिए जानें…
सुबह की सैर क्यों है बेहतर । Why Morning Walk is better
ऑक्सीजन ठीक से मिलना
रोजमर्रा की बिजी लाइफ के बीच भी हमें किस समय सैर करनी चाहिए इस टॉपिक पर टीवी9 से डॉ. अरविंद अग्रवाल (सीनियर कंसल्टेंट – इंटरनल मेडिसिन, श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली) से खास बातचीत की. उनके मुताबिक सुबह की सैर कई कारणों से शाम की वॉक से ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है. सुबह के समय हवा अपेक्षाकृत साफ और ताजी होती है, जिससे शरीर को ज्यादा ऑक्सीजन मिलती है और फेफड़े बेहतर तरीके से काम करते हैं. बढ़े हुए प्रदूषण और धूल-मिट्टी की वजह से अधिकतर लोगों के फेफड़ों का स्वास्थ्य कमजोर हो रखा है. ताजी हवा से शरीर के सभी अंगों को ऑक्सीजन मिल पाती है और हमारा ब्लड फ्लो भी ठीक से हो पाता है. अगर आप शाम की वॉक करते हैं तो कुछ समय सुबह के लिए भी जरूर निकालना चाहिए.
विटामिन डी का सोर्स
डॉ. अरविंद कहते हैं कि अगर आप सुबह-सुबह सैर करते हैं तो इससे हमें विटामिन डी ठीक से मिल पाता है. उनके मुताबिक सुबह की धूप विटामिन डी का अच्छा स्रोत है. लोग मानते हैं कि विटामिन डी से हमारी हड्डियां मजबूत होती है. जबकि ये तत्व हमारी इम्यूनिटी के लिए भी बेहद जरूरी है. जिन लोगों के शरीर में विटामिन डी की कमी हो उन्हें रोजाना सुबह सैर करनी चाहिए और कुछ देर धूप के संपर्क में आना चाहिए. सुबह की धूप विटामिन डी का सबसे बड़ा नेचुरल सोर्स होती है.
मेटाबॉलिज्म बूस्टिंग
डॉ. अरविंद ने बताया सुबह वॉक करने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे दिनभर कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है और वजन कंट्रोल रहता है. क्या आप जानते हैं कि अगर आपका मेटाबॉलिक रेट ठीक नहीं है तो तेजी से वजन बढ़ना या दूसरी पेट से जुड़ी समस्याएं आसानी से हमें अपनी चपेट में ले लेती हैं. मेटाबॉलिज्म बूस्टिंग के लिए रोजाना सैर जरूरी है वो भी सुबह की.
मेंटल लेवल के लिए अच्छी
एक्सपर्ट के मुताबिक सुबह-सुबह की सैर हमारे मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है. इसके जरिए दिन की शुरुआत पॉजिटिव होती है और तनाव कम महसूस होता है. वहीं शाम के समय प्रदूषण ज्यादा हो सकता है और शरीर पहले से थका हुआ रहता है. हालांकि, जो लोग सुबह समय नहीं निकाल पाते, उनके लिए शाम की वॉक भी फायदेमंद है, बस रोजाना करें.





