IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुसीबतें कम होने का नाम ही नहीं ले रहीं. वो हर मैच के साथ बढ़ती दिख रही हैं. 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले मुकाबले के बाद अब टीम के सबसे सफल बल्लेबाज पर बाहर होने की तलवार लटकती दिख रही है. हम बात कर रहे हैं आयुष म्हात्रे की, जिन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी ने जकड़ लिया है. आयुष म्हात्रे की चोट कितनी गंभीर है, फिलहाल उस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता. टीम के बैटिंग कोच माइक हसी ने म्हात्रे की इंजरी को लेकर संकेत दिए कि बड़ा झटका लग सकता है.

आयुष म्हात्रे को कब हुई हैमस्ट्रिंग इंजरी?
को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के 5वें ओवर के दौरान दूसरी गेंद पर हुई. इस गेंद पर दूसरा रन लेने के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग खींच गई. वो भागते-भागते नॉन-स्ट्राइकर एंड पर पहुंच तो गए मगर उसके बाद जमीन पर बैठ गए, जिसके बाद टीम के फीजियो को आना पड़ा. फीजियो की जांच के बाद उन्होंने बाहर ना जाकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया मगर 2 गेंदों बाद ही उनका विकेट गिर गया.
आयुष म्हात्रे की हालत ऐसी हो गई कि आउट होने के बाद वो खुद से चलकर वापस डग आउट भी नहीं जा सके. उन्हें बाहर ले जाने के लिए मैदान के बाहर से रामाकृष्ण घोष और टीम फीजियो आए.
आयुष म्हात्रे की इंजरी पर अपडेट
अब आयुष म्हात्रे की चोट पर CSK के बैटिंग कोच माइक हसी ने बयान दिया है. उन्होंने मैच के बाद कहा कि आयुष को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है. हालांकि, अभी कह नहीं सकते कि वो कितनी बुरी है. हम उसका स्कैन कराएंगे. उन्होंने कहा कि दावे से तो नहीं कह सकता लेकिन इंजरी की तस्वीर सही नजर नहीं आ रही. दुर्भाग्यवश ये कहना पड़ेगा कि उनका इंजर्ड होना टीम के लिए बड़ा नुकसान होगा क्योंकि वो अच्छे फॉर्म में थे.
CSK के सबसे सफल बल्लेबाज म्हात्रे
IPL 2026 में आयुष म्हात्रे अब तक CSK के सबसे सफल बल्लेबाज थे. उन्होंने 6 मैचों में 201 रन बनाए हैं, जो कि टीम के बाकी खिलाड़ियों से सबसे ज्यादा हैं. माइक हसी ने कहा कि आयुष कमाल का टैलेंट है. वो अगर इंजरी के चलते बाहर होते हैं तो टीम का बड़ा नुकसान होगा. हसी ने कहा कि वो नहीं जानते आयुष अगर बाहर होंगे तो कितने समय के लिए? लेकिन, वो बाहर होते हैं तो इससे उनकी जगह पर किसी नए खिलाड़ी को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा.





