हल्दी वाला दूध सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि जहां दूध में विटामिन डी, बी12, कैल्शियम जैसे पोषक तत्व होते हैं तो वहीं हल्दी का करक्यूमिन भी एक पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट है. इन दोनों चीजों का कॉम्बिनेशन इम्यूनिटी बूस्ट करने से लेकर कई तरह से फायदेमंद है, लेकिन हल्दी वाला दूध तासीर में गर्म होता है, इसलिए ही इसका सेवन सर्दियों में ज्यादा किया जाता है. अगर गर्मी में भी रोजाना हल्दी वाला दूध लिया जाए तो इससे आपके शरीर पर क्या असर दिखेगा. क्या इसके फायदे होंगे या फिर सेहत को नुकसान हो सकता है.

हल्दी में मौजूद करक्यूमिन एक एक्टिव तत्व है जो इसे पीला रंग देता है. इसके अलावा भी हल्दी में कई बायोएक्टिव कंपाउंड पाए जाते हैं. इसके फायदों को लेकर कई रिसर्च भी की गई हैं. तो वहीं दूध को संपूर्ण आहार माना जाता है. तो चलिए जान लेते हैं कि गर्मी में रोजाना हल्दी वाला दूध पीने से सेहत पर क्या असर होता है.
गर्मी में हल्दी वाला दूध
श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट (दिल्ली) के इंटरनल मेडिसिन एंड इनफेक्शन डिजीज कंसल्टेंट डॉ. अंकित बंसल कहते हैं कि गर्मी के मौसम में रोज हल्दी वाला दूध पीना पूरी तरह गलत नहीं है, लेकिन इसे सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए. हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और इम्यूनिटी बढ़ाने वाले गुण होते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं. दूध में मौजूद कैल्शियम, विटामिन डी आपकी हड्डियों को मजबूत बनाता है. इसमें प्रोटीन होता है जो मसल्स के लिए फायदेमंद है तो वहीं बी 12 हीमोग्लोबिन के प्रोडक्शन से लेकर नर्वस सिस्टम के फंक्शन को सुचारू रखने में मदद करता है.
ज्यादा पीने के नुकसान
एक्सपर्ट कहते हैं कि दरअसल दूध की तासीर गर्म होती है और हल्दी भी गर्म तासीर का मसाला है. जब आप ज्यादा मात्रा में इसका सेवन करते हैं तो कुछ लोगों को शरीर में गर्मी, एसिडिटी, पाचन में गड़बड़ी या मुंह में छाले जैसी दिक्कत हो सकती है. खासकर जिनकी बॉडी पहले से ही गर्म रहती है या जिन्हें पेट (पाचन) से जुड़ी समस्याएं रहती हैं, उन्हें ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए.
Getty Images
कैसे पिएं हल्दी वाला दूध?
डॉक्टर बंसल का कहना है कि गर्मी में अगर आप हल्दी वाला दूध अपनी डाइट में शामिल करना चाहते हैं तो इसे बहुत कम मात्रा में लें और रात में सोने से कम से कम आधे या पौने घंटे पहले ही इसे पी लेना चाहिए. आप एवरेज साइज का आधा गिलास हल्दी वाला दूध ले सकते हैं. रोजाना की बजाय इसे हफ्ते में तीन दिन लें तो बेहतर रहता है.दूध को ज्यादा गर्म न लें बल्कि इसे ठंडा हो जाने दें. बस ये गुनगुना होना चाहिए.
कब न पिएं हल्दी वाला दूध?
- अगर किसी दिन बहुत उमस हो तो हल्दी वाला दूध पीना अवॉइड करना चाहिए, नहीं तो घबराहट बढ़ सकती है.
- प्रेग्नेंसी है तो हल्दी वाला दूध पीना अवॉइड करना चाहिए या फिर पहले अपने डॉक्टर से कंसल्ट करें.
- अगर आपको किसी भी तरह की हेल्थ प्रॉब्लम है और आप दवाएं ले रहे हैं तो भी डॉक्टर की सलाह के बाद ही हल्दी वाला दूध लें.
- अगर आपको लैक्टोस (दूध और उससे बनी चीजों को लेने के बाद पाचन खराब होना) इंटॉलरेंस की समस्या है, तो हल्दी वाला दूध अवॉइड करें.





