एक तरफ झारखंड सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चला रही है. वहीं दूसरी तरफ नशे के कारोबारी धड़ल्ले से राजधानी समेत पूरे प्रदेश में नशीले पदाथों की सप्लाई कर रहे हैं. इसी क्रम में रांची पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने संयुक्त ऑपरेशन में दो कुंटल गांजा बरामद किया है. खुले बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ से अधिक आंकी जा रही है.

नशे की यह खेप ओडिशा नंबर के पिकअप वैन में रखकर ले जाई जा रही थी. एनसीबी के इनपुट पर रांची पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप वैन को माल समेत सीज कर दिया है. वहीं पिकअप में सवार दो लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक गांजा तस्करी का यह बड़ा मामला है. अब पुलिस इस तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है. रांची के तमाड़ थाना पुलिस के मुताबिक जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी अरेस्ट किया जाएगा.
ओडिशा से जमशेदपुर जा रही थी खेप
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में पता चला है कि नशे की यह खेप ओडिशा से जमशेदपुर लाई गई थी. यहां से इसे राजधानी लाया गया था. मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एनसीबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस पिकअप वैन को जब्त करते हुए गाड़ी में बैठे ड्राइवर और क्लीनर को अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक अभी तक इस नेटवर्क के मास्टर माइंड के बारे में जानकारी नहीं मिली है. इसके लिए पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
बड़े सिंडिकेट की आशंका
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़ी गई खेप काफी बड़ी है. इस खेप को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य में कोई बड़ा सिंडिकेट एक्टिव है. पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम अब इस सिंडिकेट की जड़ें खंगालने में जुट गई है. इसी के साथ टीम यह भी पता करने की कोशिश कर रही है कि यह नशे की खेप का आखिरी डेस्टिनेशन क्या था. पुलिस टीमें इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों की भी पहचान का प्रयास कर रही हैं.