उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. कई पुलिस कमिश्नरेट में बदलाव किए गए हैं. नोएडा पुलिस कमिश्नर रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड को नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है. लक्ष्मी सिंह उत्तर प्रदेश कैडर की 2000 बैच की इंडियन पुलिस सर्विस ऑफिसर हैं, जो उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बनी थीं. गौतम बुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर के तौर पर लगभग चार साल के कार्यकाल के बाद, उन्हें गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर के तौर पर ट्रांसफर कर दिया गया.

इससे पहले वह इंस्पेक्टर जनरल के तौर पर काम कर चुकी थीं. उनके करियर में स्पेशल टास्क फोर्स में आईजी और डीआईजी, मेरठ में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में आईजी और लखनऊ रेंज में आईजी की भूमिका शामिल है.
उनके कार्यकाल के दौरान महिला सुरक्षा, कानूनव्यवस्था और हाईप्रोफाइल मामलों के प्रबंधन को लेकर वह लगातार चर्चा में रहीं. 1 जनवरी 2025 को उन्हें एडीजी रैंक पर प्रमोशन किया गया था.
प्रशासनिक स्तर पर IPS लक्ष्मी सिंह की अलग पहचान
लक्ष्मी सिंह को उत्तर प्रदेश की गिनती प्रभावशाली पुलिस अधिकारी के रूप में होती है. कानूनव्यवस्था पर मजबूत पकड़ के कारण उन्होंने पुलिस महकमे में अलग पहचान बनाई है.
IPS लक्ष्मी सिंह कई पुरस्कारों से सम्मानित की जा चुकी हैं. उन्हें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक के अतिरिक्त PM मोदी से सिल्वर बैटन, गृह मंत्रालय से 9 एमएम पिस्टल एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान मिल चुके हैं.
राजनीति में सक्रिय हैं IPS लक्ष्मी सिंह के पति
लक्ष्मी सिंह स्पेशल टास्क फोर्स में डीआईजी का पद भी संभाल चुकी हैं. इस दौरान वह चर्चित विकास दुबे कांड की जांच में शामिल थीं और कई कुख्यात अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाए. अपराध नियंत्रण एवं कानूनव्यवस्था को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली की वजह से वह लगातार चर्चा में बनी रही हैं.
IPS अधिकारी लक्ष्मी सिंह के पति राजेश्वर सिंह हैं. राजेश्वर सिंह राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में लखनऊ की सरोजिनी नगर विधानसभा केंद्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं. राजनीति में आने से पहले वह पूर्व IPS अधिकारी रह चुके हैं और प्रवर्तन निदेशालय में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं.