Nagpur Cockroach Party Protest: नागपु में आज कॉकरोच पार्टी की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा। इससे पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावों में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट के साथ भेदभाव होने का दावा भी किया। विरोध जताने के लिए उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर रखी और मोदी चालीसा बजाई।

अभिजीत दीपके ने चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में गड़बड़ियां हो रही हैं और चुनाव केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं। उनका कहना है कि देश संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के अनुसार चलना चाहिए।
सोशल मीडिया पोस्ट हटाने का किया दावा
दीपके ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक पोस्ट को दबाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से ज्यादा पोस्ट हटाए गए। इसी के विरोध में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी की तस्वीर रखकर मोदी चालीसा बजाई।
CJP ने राजनीतिक पार्टी से दूरी बताई
अभिजीत दीपके ने कहा कि CJP किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करती और न ही राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना है। संगठन रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता देना चाहता है।
प्रदर्शन में प्रकाश राज भी होंगे शामिल
इस प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज और CJP के सहसंयोजक आशुतोष रांका भी शामिल होंगे। संगठन की ओर से इन मुद्दों को लेकर लोगों के बीच पहुंचने की तैयारी है।
विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिवसीय अभियान
आशुतोष रांका ने बताया कि संगठन महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त विदर्भ और मराठवाड़ा में छह दिवसीय ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान चलाएगा। इसमें संगठन के सदस्य किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सामने लाएंगे। गोवा में मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद यह अभियान दिल्ली, केरल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी चलाया जाएगा। गोवा में स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर नागरिक घोषणापत्र भी तैयार किया जाएगा।
यह भी पढे़ं: