बुधवार, 25 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
एयर इंडिया का घाटा दोगुना होकर 22,238 करोड़ पार, नए CEO को मिली खुली छूट, कई बड़े अफसरों की बदल सकती है कुर्सी!​ | सहकर्मियों के साथ पार्टी के बाद युवती ने लगाया गैंगरेप का आरोप; महिला समेत तीन गिरफ्तार, तीन फरार|​ | अमेरिका ने चीनी टेक कंपनी Huawei पर कसा शिकंजा, ट्रेड सीक्रेट चोरी में पाई गई दोषी; लगेगा अरबों का जुर्माना!​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Business

एयर इंडिया का घाटा दोगुना होकर 22,238 करोड़ पार, नए CEO को मिली खुली छूट, कई बड़े अफसरों की बदल सकती है कुर्सी!​

विस्तार की बड़ी योजनाओं को मुनाफे में बदलने के लिए जूझ रही एयर इंडिया अब अपने टॉप मैनेजमेंट को नए सिरे से खड़ा करने जा रही है. मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, नए चीफ एग्जीक्यूटिव तेवोल्डे गेब्रेमरियम बाहर से ऐसे अनुभवी दिग्गजों को लाना चाहते हैं, जिन्हें बड़ी एयरलाइंस चलाने का लंबा तजुर्बा है. […]

विस्तार की बड़ी योजनाओं को मुनाफे में बदलने के लिए जूझ रही एयर इंडिया अब अपने टॉप मैनेजमेंट को नए सिरे से खड़ा करने जा रही है. मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, नए चीफ एग्जीक्यूटिव तेवोल्डे गेब्रेमरियम बाहर से ऐसे अनुभवी दिग्गजों को लाना चाहते हैं, जिन्हें बड़ी एयरलाइंस चलाने का लंबा तजुर्बा है. 1 अक्टूबर को कमान संभालने वाले तेवोल्डे एक दशक से ज्यादा समय तक इथियोपियन एयरलाइंस चला चुके हैं. टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने उन्हें अपनी पसंद की टीम चुनने का पूरा अधिकार दिया है.

निपुण अग्रवाल की भूमिका पर संकट, नोएल टाटा की आपत्ति

इस फेरबदल का बड़ा असर एयर इंडिया के सबसे प्रभावशाली अधिकारियों में शामिल निपुण अग्रवाल पर पड़ सकता है. सूत्रों का कहना है कि वे एग्जीक्यूटिव मैनेजमेंट से बाहर हो सकते हैं. एन चंद्रशेखरन ने इस बारे में निपुण से चर्चा की है और उन्हें टाटा ग्रुप के अंदर किसी दूसरी भूमिका का विकल्प दिया है. बताया जाता है कि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने कैंपबेल विल्सन के बाद निपुण अग्रवाल को एयर इंडिया का सीईओ बनाने पर आपत्ति जताई थी.

जनवरी 2022 में टाटा ग्रुप के एयर इंडिया खरीदने के बाद से निपुण अग्रवाल कंपनी की रणनीति का अहम हिस्सा रहे हैं. चीफ कमर्शियल और ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर के तौर पर उन्होंने विमानों की खरीद, फाइनेंसिंग, नेटवर्क प्लानिंग, रेवेन्यू मैनेजमेंट, पार्टनरशिप, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, सेल्स और मार्केटिंग का जिम्मा संभाला. विमानों और इंजन के बड़े ऑर्डर की बातचीत भी उन्हीं की अगुआई में हुई. इससे पहले वे टाटा संस में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट थे और एयर इंडिया के अधिग्रहण में अहम भूमिका निभा चुके हैं. कॉरपोरेट फाइनेंस, मर्जरएक्विजिशन और बिजनेस डेवलपमेंट में उन्हें 30 साल से ज्यादा का अनुभव है. वे बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और बीपी में भी काम कर चुके हैं.

दोगुना हुआ घाटा, कमाई के साथ घटे यात्री

टॉप टीम में ये बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब एयरलाइन पर आर्थिक हालत सुधारने का भारी दबाव है. कंपनी की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च में खत्म हुए वित्त वर्ष FY26 में एयर इंडिया का कंसोलिडेटेड नेट लॉस बढ़कर 22,238.23 करोड़ रुपये पहुंच गया. एक साल पहले ये घाटा 10,858.83 करोड़ रुपये था, यानी नुकसान दोगुने से भी ज्यादा हो गया.

इसी अवधि में कंपनी की कंसोलिडेटेड कमाई 78,635.60 करोड़ रुपये से गिरकर 71,869.94 करोड़ रुपये रह गई. कमाई कम होने के बावजूद खर्च का बोझ बढ़ता गया. FY26 में कुल खर्च 89,317.12 करोड़ रुपये से बढ़कर 93,733.31 करोड़ रुपये हो गया. कामकाज के मोर्चे पर भी कमजोरी दिखी. यात्रियों की संख्या 4.38 करोड़ से घटकर 3.6 करोड़ रह गई, जबकि पैसेंजर लोड फैक्टर 85 फीसदी से फिसलकर 81 फीसदी पर आ गया. क्षमता का पैमाना माने जाने वाले अवेलेबल सीट किलोमीटर 114,226 मिलियन से घटकर 100,828 मिलियन और रेवेन्यू पैसेंजर किलोमीटर 96,551 मिलियन से गिरकर 81,794 मिलियन रह गए.

ग्लोबल संकट ने बढ़ाई एयरलाइन की मुश्किलें

कमजोर नतीजों के लिए एयरलाइन ने कई बाहरी कारणों को जिम्मेदार बताया है. इनमें भूराजनीतिक तनाव, एयरस्पेस बंद होना, उड़ानों का लंबा समय, वजन की पाबंदियां और कामकाज में आने वाली रुकावटें शामिल हैं. ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि तेवोल्डे गेब्रेमरियम के सामने राह आसान नहीं है. उन्हें खर्च पर लगाम लगाते हुए उड़ानों की विश्वसनीयता बढ़ानी है, विमानों का बेहतर इस्तेमाल करना है और निवेश से मजबूत रिटर्न निकालना है.

दिल्ली के बाहर नए हब पर नए सीईओ का फोकस

विलय और बेड़े के विस्तार के शुरुआती दौर से आगे बढ़ते हुए नए सीईओ का जोर कामकाज में अनुशासन, सुरक्षा, नेटवर्क की मजबूती और लागत घटाने पर रहेगा. उनकी बड़ी प्राथमिकता नेटवर्क और हब की रणनीति को बदलना है. कंपनी दिल्ली पर ज्यादा निर्भरता कम करके मुंबई और हैदराबाद को बड़े हब के रूप में खड़ा करना चाहती है, ताकि कनेक्टिविटी, विमानों के इस्तेमाल और कामकाज की रफ्तार में सुधार हो सके.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY