बिजनौर के नांगल थाना क्षेत्र में गंगा मेले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में स्नान करते समय 16 साल के सूरज, 17 साल के हर्षित और 22 साल की डोली डूब गए। तीनों नजीबाबाद के रामपुरा मोहल्ले के रहने वाले हैं। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। इसी दौरान गंगा में डूब रही 12 साल की दिव्यानी को मांझाड़ी गांव के नितिन ने नदी में छलांग लगाकर बचा लिया।

बच्ची को बचाया, मोबाइल और पर्स गंगा में गुम
12 साल की दिव्यानी भी गंगा में डूबने लगी थी। उसे बचाने के लिए मांझाड़ी गांव के नितिन ने गंगा में छलांग लगा दी। उन्होंने बच्ची की जान बचा ली, लेकिन इस दौरान उनका 35 हजार रुपए का मोबाइल और 2,500 रुपए से भरा पर्स गंगा में गुम हो गया।
नहाने से रोकने के लिए नहीं थे वॉर्निंग बोर्ड
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर लोगों को नहाने से रोकने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या निशान नहीं लगाया गया था। उनका कहना है कि अगर पहले से चेतावनी दी गई होती, तो शायद इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था।
4 घंटे तक नहीं पहुंची SDRFNDRF की टीम
स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के करीब 4 घंटे बाद तक मौके पर SDRF और NDRF की टीम नहीं पहुंची थी। इसको लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी मौके पर पहुंचे।
ये खबर भी पढ़ें:
बिजनौर या उत्तराखंड की सीमा में हुआ हादसा ?
घटनास्थल को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हादसा निर्धारित स्नान घाट से कुछ दूरी पर हुआ है। इसे लेकर सवाल है कि घटनास्थल बिजनौर की सीमा में आता है या उत्तराखंड की सीमा में। फिलहाल इसको लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है।