देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके परिवार ने परोपकार के क्षेत्र में अपने योगदान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। EdelGive Hurun India Philanthropy List 2026 के अनुसार, अदाणी परिवार का सालाना परोपकारी योगदान 127 प्रतिशत बढ़कर 877 करोड़ रुपये हो गया है। इस उपलब्धि के साथ गौतम अदाणी देश के सबसे बड़े दानदाताओं की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। परिवार की सामाजिक पहल का प्रमुख केंद्र शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और जनसेवा है।

गौतम अदाणी के सामाजिक कार्यों की मूल भावना ‘सेवा ही साधना है’ के सिद्धांत पर आधारित है। इसके तहत केवल आर्थिक सहायता देने के बजाय ऐसी व्यवस्थाओं और संस्थानों के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है, जो लंबे समय तक समाज के लिए उपयोगी साबित हों।
अपने 60वें जन्मदिन पर गौतम अदाणी ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के लिए 60,000 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई थी। इसके बाद बेटे जीत अदाणी की शादी के अवसर पर सामाजिक कार्यों के लिए अतिरिक्त 10,000 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इन पहलों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
शिक्षा के क्षेत्र में अदाणी परिवार ने GEMS Education के साथ मिलकर देशभर में विश्वस्तरीय स्कूल स्थापित करने की पहल की है। इसके लिए शुरुआती तौर पर 2,000 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई गई है। योजना के तहत कम से कम 20 स्कूल खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें CBSE पाठ्यक्रम की 30 प्रतिशत सीटें जरूरतमंद और योग्य विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क रखने की योजना है। वहीं, अदाणी फाउंडेशन की ओर से संचालित अदाणी विद्या मंदिर कई वर्षों से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को उच्चस्तरीय निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का अभियान चला रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए भी अदाणी परिवार की ओर से कई पहल की जा रही हैं। बिहार के मस्तीचक में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नेत्र चिकित्सा की बड़ी परियोजना शुरू की गई है। इसके तहत सालाना 3.3 लाख आंखों के ऑपरेशन करने की क्षमता विकसित करने और प्रत्येक वर्ष 1,000 आईहेल्थ प्रोफेशनल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। देश के वंचित क्षेत्रों में किफायती नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए 500 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता भी जताई गई है।
इसके अलावा, अदाणी समूह मेयो क्लिनिक के साथ साझेदारी में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे के विकास पर 6,000 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस योजना के तहत मुंबई और अहमदाबाद में 1,0001,000 बिस्तरों वाले दो मल्टीस्पेशियल्टी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
अदाणी समूह की सामाजिक सेवा गतिविधियां बड़े धार्मिक आयोजनों में भी देखने को मिली हैं। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान अदाणी समूह और इस्कॉन ने संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के लिए ‘महाप्रसाद सेवा’ संचालित की। इस पहल के माध्यम से करीब 50 लाख श्रद्धालुओं तक भोजन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था।
इसी तरह पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान इस्कॉन के सहयोग से लाखों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। इस दौरान पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाओं में भी सहयोग दिया गया।
इन सामाजिक गतिविधियों के पीछे अदाणी फाउंडेशन की करीब तीन दशक लंबी यात्रा है। फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इसकी पहल 22 राज्यों के 7,200 से अधिक गांवों तक पहुंच चुकी है और 1.3 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन को प्रभावित कर चुकी है।
EdelGive Hurun India Philanthropy List 2026 में जारी आंकड़ों के अनुसार, गौतम अदाणी और उनके परिवार ने 877 करोड़ रुपये के वार्षिक योगदान के साथ देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष की तुलना में उनके दान में 127 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो सूची में शामिल प्रमुख दानदाताओं में सबसे तेज बढ़ोतरी में से एक है।
सूची में शिव नादर और उनका परिवार 2,593 करोड़ रुपये के दान के साथ पहले स्थान पर है। अदाणी परिवार 877 करोड़ रुपये के योगदान के साथ दूसरे स्थान पर है। तीसरे स्थान पर बजाज परिवार है, जिसने 632 करोड़ रुपये का दान दिया। बजाज परिवार के योगदान में पिछले साल के मुकाबले 42 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, मुकेश अंबानी और उनका परिवार 620 करोड़ रुपये के योगदान के साथ चौथे स्थान पर है। उनके दान में पिछले वर्ष की तुलना में एक प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
अदाणी परिवार के योगदान में हुई 127 प्रतिशत की वृद्धि और विभिन्न क्षेत्रों में जारी सामाजिक पहलों से देश के परोपकारी योगदान की सूची में उसकी स्थिति मजबूत हुई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक सेवाओं से जुड़ी इन प्रतिबद्धताओं के बीच 877 करोड़ रुपये का वार्षिक दान इस वर्ष की रिपोर्ट का प्रमुख आंकड़ा बनकर सामने आया है।