2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है. अखिलेश यादव ने 20 किलोमीटर के रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया, लेकिन इस दौरे का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश चौरीचौरा से निकला. जहां अखिलेश ने बीजेपी के पूर्व नेता और योगी आदित्यनाथ के करीबी माने जाने वाले परिवार के सदस्य अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू को सपा में शामिल कराया. टप्पू सिंह 2022 में चौरीचौरा से निर्दलीय चुनाव लड़कर करीब 30 हजार वोट हासिल कर चुके हैं. अब अखिलेश की नजर गोरखपुर में ठाकुर, ब्राह्मण और निषाद वोटों के समीकरण पर है.

योगी के गढ़ में अखिलेश का सियासी दांव
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में सियासी मोर्चा खोल दिया है. बुधवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया. पीडीए रथ पर सवार अखिलेश के साथ बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, लेकिन इस दौरे का सबसे अहम राजनीतिक घटनाक्रम चौरीचौरा में हुआ. यहां अखिलेश यादव ने बीजेपी के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह के छोटे भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू को सपा की सदस्यता दिलाई.
कौन हैं टप्पू सिंह?
अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू गोरखपुर के राजनीतिक परिवार से आते हैं. उनके बड़े भाई विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह चौरीचौरा की राजनीति में सक्रिय रहे. बिन्नू सिंह ने गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू किया था. वह छात्रसंघ चुनाव में महामंत्री चुने गए थे. 1989 के लोकसभा चुनाव में वह जनता दल के साथ थे. उस चुनाव में जनता दल ने रामपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया था और बीजेपी ने उनका समर्थन किया था. बिन्नू सिंह ने हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे महंत अवेद्यनाथ के खिलाफ प्रचार किया था. हालांकि, इस चुनाव में महंत अवेद्यनाथ जीत गए.
इसके बाद बिन्नू सिंह बीजेपी में शामिल हो गए. 1993 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें मानीराम सीट से उम्मीदवार बनाया. इस सीट से 1991 में ओमप्रकाश पासवान बीजेपी के टिकट पर विधायक बने थे. 1993 में ओमप्रकाश पासवान निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे और बीजेपी ने उनके खिलाफ बिन्नू सिंह को टिकट दिया, लेकिन बिन्नू सिंह चुनाव हार गए.
गोरखनाथ मंदिर से परिवार का जुड़ाव
बिन्नू सिंह बीजेपी में सक्रिय रहे और उन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र का करीबी माना जाता था. उनका परिवार गोरखनाथ मंदिर से भी जुड़ा रहा. टप्पू सिंह ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में दावा किया था कि उनके परिवार ने गोरखनाथ मंदिर और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय यानी एमएमएमयूटी के लिए जमीन दी थी. दूसरे कामों में भी सहयोग किया था. उनके परिवार को शहीद बंधू सिंह का वंशज भी बताया जाता है. 2012 में बीजेपी के टिकट पर बिन्नू सिंह चौरीचौरा से चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे.
बिन्नू सिंह का नवंबर 2016 में निधन हो गया. इसके बाद उनके छोटे भाई टप्पू सिंह राजनीति में सक्रिय हुए. 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी से चौरीचौरा सीट पर टिकट मांगा लेकिन पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया. इसके बाद टप्पू सिंह निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गए. बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया. निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर टप्पू सिंह को करीब 30 हजार वोट मिले थे.
चौरीचौरा में सपा का संभावित चेहरा
अब टप्पू सिंह के सपा में आने के बाद चौरीचौरा की राजनीति में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा तेज है. राजनीतिक हलकों में उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के संभावित उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है. चौरीचौरा सीट पर निषाद राजनीति का भी प्रभाव है. यहां से मौजूदा विधायक सरवन निषाद हैं. वह निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बेटे हैं. ऐसे में टप्पू सिंह को अपने साथ जोड़कर सपा स्थानीय राजनीतिक परिवार और दूसरे सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है.
हरिशंकर तिवारी परिवार के जरिए ब्राह्मण वोटों पर नजर
अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे का दूसरा अहम पहलू पूर्व मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी का परिवार है. पूर्वांचल की राजनीति में हरिशंकर तिवारी का लंबे समय तक प्रभाव रहा है. उनके बेटे विनय शंकर तिवारी और कुशल तिवारी समाजवादी पार्टी में शामिल हो चुके हैं. योगी सरकार के कार्यकाल में तिवारी परिवार से जुड़े ठिकानों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव बीजेपी पर निशाना साधते रहे हैं. उन्होंने इन कार्रवाइयों को ब्राह्मणों के उत्पीड़न से जोड़कर सरकार को घेरा है. पिछले दिनों एमएलसी चुनाव के दौरान संजय त्रिपाठी से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करते हुए भी अखिलेश ने बीजेपी पर हमला बोला था. ऐसे में हरिशंकर तिवारी परिवार से राजनीतिक नजदीकी और टप्पू सिंह की सपा में एंट्री को गोरखपुर में ब्राह्मण और ठाकुर मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
निषाद वोट बैंक पर भी नजर
गोरखपुर मंडल की राजनीति में निषाद मतदाता भी अहम भूमिका निभाते हैं. चौरीचौरा को निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है. मौजूदा विधायक सरवन निषाद भी इसी सीट से आते हैं. ऐसे में अखिलेश यादव की चौरीचौरा में सक्रियता को निषाद वोट बैंक तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है. समाजवादी पार्टी की पीडीए रणनीति में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक साथ लाने की बात कही जाती रही है. अब पार्टी गोरखपुर में ठाकुर, ब्राह्मण और निषाद मतदाताओं के बीच भी अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.
41 सीटों पर सपा की नजर
गोरखपुर और बस्ती मंडल की करीब 41 विधानसभा सीटें सपा की चुनावी रणनीति के केंद्र में हैं. गोरखपुर जिले में विधानसभा की कुल नौ सीटें हैं. बीजेपी की मजबूत मौजूदगी के बीच सपा यहां अपना खाता खोलने और संगठन को मजबूत करने की कोशिश में है. अखिलेश यादव ने रोड शो के दौरान गोरखपुर की सभी नौ सीटों पर बीजेपी को हराने का दावा किया.