भारतीय क्रिकेट के मिस्टर 360 डिग्री सूर्यकुमार यादव एक बार फिर अपने पुराने विस्फोटक अंदाज में लौट आए हैं। लंबे समय से खराब फॉर्म और टीम इंडिया से बाहर होने के कारण चर्चा में रहे सूर्या ने घरेलू क्रिकेट में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने चयनकर्ताओं का ध्यान खींच लिया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार ने गुजरात के खिलाफ मैदान पर उतरते ही गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 82 रन ठोककर अपनी वापसी के इरादे साफ कर दिए।

29 गेंदों में 82 रन, 16 बाउंड्री से मचाया तहलका
मुंबई और गुजरात के बीच खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसे देखकर फैंस को उनका पुराना अंदाज याद आ गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम के लिए सूर्या ने महज 29 गेंदों का सामना किया और 82 रन बना डाले।
उनकी इस तूफानी पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। यानी उन्होंने कुल 16 बाउंड्री लगाईं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 282.76 का रहा। उन्होंने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। गुजरात के गेंदबाजों के पास उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का कोई जवाब नहीं था। आखिरकार रवि बिश्नोई ने उन्हें बोल्ड करके पवेलियन भेजा।
लगातार दूसरी पारी में बरसे सूर्यकुमार
दिलचस्प बात यह है कि सूर्यकुमार यादव का बल्ला सिर्फ गुजरात के खिलाफ ही नहीं चला है। इससे पहले हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 21 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए थे। उस पारी में उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए थे।
लगातार दो मुकाबलों में अर्धशतक जड़कर सूर्या ने दिखा दिया है कि वह अपनी बल्लेबाजी पर लगातार काम कर रहे हैं। गुजरात के खिलाफ मुकाबले में मुंबई को 198 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम ने 15.4 ओवर में ही 5 विकेट खोकर 201 रन बना लिए और 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया। सरफराज खान ने भी 17 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाकर अहम योगदान दिया।
टीम इंडिया में वापसी के लिए ठोकी दावेदारी
सूर्यकुमार यादव के लिए पिछले कुछ महीने आसान नहीं रहे हैं। 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने के बाद उन्हें भारतीय टी20 टीम की योजनाओं से बाहर होना पड़ा। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इसके बाद उनकी कप्तानी भी चली गई और टीम में जगह भी नहीं मिली।
अब घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार पारियां खेलकर उन्होंने चयनकर्ताओं के सामने अपनी दावेदारी मजबूत की है। हालांकि, सिर्फ दो अच्छी पारियों के आधार पर टीम में वापसी तय नहीं मानी जा सकती। उन्हें आगे भी इसी तरह निरंतर प्रदर्शन करना होगा। फिलहाल सूर्यकुमार यादव का बल्ला जिस अंदाज में बोल रहा है, उससे उनके प्रशंसकों को उम्मीद है कि मिस्टर 360 डिग्री जल्द ही भारतीय जर्सी में नजर आ सकते हैं।