डॉलर के मुकाबले में रुपए में आई तेजी और महंगाई बढ़ने के कारण ब्याज दरों में इजाफे की संभावना प्रबल होने से देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. खास बात तो ये है कि दिल्ली में सोने के दाम में लगातार 5वें दिन गिरावट देखी गई. जबकि चांदी के दाम 1.80 लाख रुपए से नीचे आ गए. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर दिल्ली में सोने और चांदी की कीमतें कितनी हो गई हैं…

दिल्ली में सोने और चांदी के दाम में गिरावट
सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में लगातार पांचवें नदिन में गिरावट दर्ज की गई. रुपए में आई तेजी और कमजोर वैश्विक रुझानों के चलते सोने के दाम 900 रुपए गिरकर 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए. शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्ध सोने का भाव 1,40,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, चांदी की कीमतों में भी 5,000 रुपये की गिरावट आई और यह 1.84 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से गिरकर 1.79 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई.
विदेशी बाजारों में भी टूटे दाम
वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 10.87 अमेरिकी डॉलर की मामूली गिरावट के साथ 3,873.90 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2 प्रतिशत गिरकर 47.82 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गई. सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत होकर 93.92 पर बंद हुआ. रुपये में आई इस तेजी को विदेशी फंडों के प्रवाह, घरेलू बाजारों में उछाल और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का समर्थन मिला.
क्या कहते हैं जानकार?
जानकारों की मानें तो रुपया मजबूत होने के साथ महंगाई के आंकड़ों की वजह से देश में एक बार फिर से ब्याज दरों में इजाफे का खतरा मंडराने लगा है. आरबीआई एमपीसी रेपो रेट में 50 से 75 बेसिस प्वाइंट्स का इजाफा कर सकती है. जिसकी वजह से देश में रेपो रेट 6.25 फीसदी के पीक पर आ सकती है. वहीं दूसरी ओर अमेरिका में भी अनुमान है कि दिसंबर के महीने में ब्याज दरों में वृद्धि हो सकती है. जिसकी संभावना 90 फीसदी से ज्यादा है. जिसकी वजह से सोने और चांदी की कीमतों में प्रेशर पड़ा है. आने वाले दिनों में और दिखाई दे सकता है.