शेयर बाजार में जब चारों तरफ गिरावट का माहौल हो, तब किसी कंपनी का शेयर हरे निशान में बंद हो तो निवेशकों का ध्यान खींचना तय है. शुक्रवार को जब सेंसेक्स और निफ्टी जैसे प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, तब TD Power Systems के शेयरों में 1.43 फीसदी की तेजी देखने को मिली. इस तेजी के पीछे कंपनी के सितंबर तिमाही के बेहद मजबूत नतीजे हैं. कंपनी ने न सिर्फ अपनी कमाई में बड़ा उछाल दर्ज किया है, बल्कि अपने शेयरधारकों को नकद इनाम देने का फैसला भी किया है.

सितंबर तिमाही में कंपनी की कमाई में बंपर उछाल
कंपनी के कामकाज के नतीजों पर नजर डालें तो सितंबर तिमाही बेहद शानदार रही है. सालाना आधार पर कंपनी का ऑपरेशन से आने वाला रेवेन्यू 85.9 फीसदी बढ़ गया है. इस तिमाही में ये आंकड़ा 841.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 452.46 करोड़ रुपये था.
सिर्फ कुल कमाई ही नहीं बढ़ी, बल्कि कंपनी के कामकाजी मुनाफे में भी बड़ा सुधार देखने को मिला है. सितंबर तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 109.6 फीसदी की छलांग लगाकर 174 करोड़ रुपये हो गया है. ठीक एक साल पहले समान तिमाही में ये आंकड़ा सिर्फ 83 करोड़ रुपये था. कामकाजी स्तर पर आए इस उछाल ने बाजार का भरोसा जीतने में बड़ी भूमिका निभाई है.
निवेशकों की जेब में आएगा 65 फीसदी डिविडेंड का पैसा
तिमाही नतीजों के साथ कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने निवेशकों को अंतरिम डिविडेंड देने की मंजूरी भी दी है. कंपनी 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 65 फीसदी यानी 0.65 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी.
इस डिविडेंड का फायदा उठाने के लिए कंपनी ने 18 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है. आसान भाषा में समझें तो 18 नवंबर तक जिस भी निवेशक के डीमैट खाते में TD Power Systems के शेयर मौजूद होंगे, वो इस डिविडेंड का सीधा हकदार होगा.
पांच साल में एक लाख को बनाया 18 लाख रुपये
TD Power Systems ने लंबी अवधि के निवेशकों को तगड़ा मुनाफा कमाकर दिया है. पिछले पांच साल के ट्रैक रिकॉर्ड को देखें तो इस शेयर ने करीब 1700 फीसदी का छप्परफाड़ रिटर्न दिया है. अगर किसी निवेशक ने 12 नवंबर 2021 को इस कंपनी के शेयरों में सिर्फ एक लाख रुपये लगाए होते, तो आज उसकी रकम बढ़कर करीब 18 लाख रुपये हो चुकी होती. शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय कंपनी का शेयर 1.43 फीसदी की बढ़त के साथ 634.85 रुपये के स्तर पर बंद हुआ.