Balaghat News: मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से सटे इलाके में शनिवार शाम एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. दीपावली मनाने अपने मायके आई पुणे की 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी तट के पास धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने वर्षा की पीठ पर धारदार हथियार से चार गहरे वार किए. खून से लथपथ हालत में परिजन उन्हें बालाघाट जिले के खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक तौर पर लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन महाराष्ट्र पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है.

मृतका की पहचान पुणे निवासी वर्षा तुरकर पति समर सैयद के रूप में हुई है. वर्षा पुणे में एयर होस्टेस के पद पर कार्यरत थीं. वर्ष 2024 में समर सैयद से प्रेम विवाह करने के बाद वे पुणे में ही रह रही थीं और उनकी ढाई साल की एक बेटी भी है. दीपावली पर्व के अवसर पर वर्षा अपनी बेटी के साथ बालाघाट जिले के किन्ही स्थित अपने मायके आई हुई थीं.
नदी तट के जंगल की ओर घूमने जाने के दौरान हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, पढ़ाई के दौरान वर्षा की पहचान गोंदिया निवासी रितेश अग्रवाल से हुई थी. 14 नवंबर को रितेश किन्ही आया था और शाम को वर्षा उसके साथ महाराष्ट्र के बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी तट पर मंदिर के पास जंगल की ओर घूमने गई थीं. शाम करीब 6 बजे रितेश ने वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को फोन कर बताया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और कुछ अज्ञात लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है.
सूचना मिलते ही बहनोई अश्विनी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल वर्षा को खैरलांजी अस्पताल ले गए, जहां शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पिता ने की निष्पक्ष जांच की मांग
लूटपाट की थ्योरी पर संदेह, महाराष्ट्र पुलिस कर रही जांच: चूंकि घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए खैरलांजी पुलिस ने तत्काल वहां की पुलिस को सूचित किया. दौनीवाड़ा पुलिस घटना के वक्त वर्षा के साथ मौजूद रहे रितेश अग्रवाल और उनके बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है. पुलिस दोनों के बयानों की पुष्टि कर रही है और कथित लूटपाट की वास्तविकता खंगाल रही है.
वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि खैरलांजी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है और केस डायरी अग्रिम जांच के लिए महाराष्ट्र की दौनीवाड़ा पुलिस को भेजी जा रही है. 15 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, मृतका के पिता धुरंलाल तुरकर ने बेटी की हत्या की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है.