MP Lokayukta Complaint: अगर मध्य प्रदेश में कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी आपका काम करने के बदले रिश्वत मांगता है या अपने पद का दुरुपयोग करता है, तो आप उसके खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मध्य प्रदेश लोकायुक्त का उद्देश्य सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार, दुर्व्यवहार पर रोक लगाना है। इसके लिए नागरिकों को व्यक्तिगत रूप से कार्यालय जाकर, रजिस्टर्ड डाक या उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से शिकायत करने की सुविधा दी गई है।

लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराने के लिए मामले के अनुसार निर्धारित फॉर्म और जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाती है। आइए जानते हैं कि मध्य प्रदेश में लोकायुक्त के पास शिकायत कैसे दर्ज कराएं और इसके लिए किन दस्तावेजों की जरूरत होती है।
लोकायुक्त में किन मामलों की कर सकते हैं शिकायत?
अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है, अपने पद का गलत इस्तेमाल करता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो उसके खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा सरकारी कामकाज में भ्रष्टाचार और अनुचित व्यवहार से जुड़े मामलों की भी शिकायत की जा सकती है।
रिश्वत मांगने पर कैसे कराएं ट्रैप की कार्रवाई?
अगर कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी आपका काम करने के बदले रिश्वत मांग रहा है, तो आप मध्य प्रदेश लोकायुक्त पुलिस के विशेष स्थापना बल से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित लोकायुक्त कार्यालय में जाकर शिकायत देनी होती है।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस मामले की प्राथमिक जांच कर सकती है। जरूरत पड़ने पर शिकायतकर्ता को बातचीत से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाता है। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर लोकायुक्त की टीम रिश्वत लेने वाले अधिकारी या कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई कर सकती है।
लोकायुक्त शिकायत के लिए कौनसा फॉर्म भरना होगा?
शिकायत के प्रकार और आरोपी अधिकारी के पद के अनुसार अलगअलग फॉर्म का इस्तेमाल किया जा सकता है।
1. FormI: सामान्य लोक सेवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए इसका उपयोग किया जाता है।
2. FormII: मंत्री या सचिव के खिलाफ शिकायत के लिए इसका उपयोग किया जाता है। इसके साथ शपथपत्र और 25 रुपये का न्यायिक स्टाम्प शुल्क भी आवश्यक बताया गया है।
3. FormIII: पद के दुरुपयोग या आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों में इसका उपयोग किया जा सकता है।
शिकायत दर्ज कराने से पहले संबंधित फॉर्म, शपथपत्र और शुल्क की मौजूदा आवश्यकताओं की आधिकारिक कार्यालय से पुष्टि कर लें।
शिकायत के साथ कौनकौन से दस्तावेज लगाने होंगे?
लोकायुक्त में शिकायत करते समय अपने आरोपों के समर्थन में उपलब्ध साक्ष्य और दस्तावेज देना महत्वपूर्ण है। इनमें निम्न चीजें शामिल हो सकती हैं।
1. रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग।
2. संबंधित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी से जुड़े दस्तावेज।
3. लंबित सरकारी आवेदन की कॉपी।
4. भ्रष्टाचार या पद के दुरुपयोग से जुड़े अन्य प्रमाण।
5. शिकायतकर्ता की पहचान और संपर्क संबंधी जानकारी।
6. शिकायत में घटना की तारीख, संबंधित विभाग, अधिकारी का नाम और पूरे मामले की जानकारी स्पष्ट रूप से लिखें।
लोकायुक्त में शिकायत कैसे और कहां जमा करें?
मध्य प्रदेश में लोकायुक्त के पास शिकायत दर्ज कराने के लिए माध्यम
1. शिकायतकर्ता भोपाल स्थित लोकायुक्त संगठन या संबंधित संभागीय लोकायुक्त/SPE कार्यालय में जाकर लिखित शिकायत जमा कर सकते हैं।
2. निर्धारित फॉर्म और जरूरी दस्तावेजों के साथ शिकायत रजिस्टर्ड पोस्ट ऑफिस के माध्यम से भी भेजी जा सकती है।
3. ईमेल के जरिए lokayuktmp@yahoo.in भी भेज सकते हैं। लेकिन पहले पता कर लें ये मेल अब भी कामगर है या नहीं।
लोकायुक्त से संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर
लोकायुक्त से संबंधित जानकारी लेने या शिकायत करने के लिए दो नंबर जारी किए गए हैं, जिन पर आप शिकायत कर सकते हैं।
1. लैंडलाइन नंबर 07552540889
2. मोबाइल नंबर 9407293446
इससे जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी के लिए आप इस वेबसाइट.पर भी चेक कर सकते हैं।
शिकायत करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराने से पहले सभी तथ्यों और दस्तावेजों को अच्छी तरह जांच लें। शिकायत में गलत जानकारी देने से बचें और केवल वास्तविक घटना से जुड़े आरोप ही लगाएं। अपने पास शिकायत की एक कॉपी और जमा करने का प्रमाण जरूर रखें। इससे भविष्य में शिकायत की स्थिति जानने में आसानी होगी।