डॉ. अभिनब हाजरा का कहना है कि डायबिटीज यानी ब्लड शुगर बढ़ने का असर केवल शरीर के अंदरूनी अंगों पर ही नहीं, बल्कि त्वचा पर भी दिखाई दे सकता है.

कई बार मरीजों को शरीर के अलगअलग हिस्सों में खुजली, रूखापन और जलन की शिकायत होने लगती है. दरअसल, खून में शुगर का स्तर लंबे समय तक बढ़ा रहने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे त्वचा रूखी होने लगती है.
इसके अलावा, डायबिटीज के कारण नसों और रक्त संचार पर भी असर पड़ सकता है, जिससे त्वचा में खुजली और असहजता महसूस होती है. कुछ मरीजों में त्वचा की प्राकृतिक सुरक्षा कमजोर होने के कारण फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है. खासतौर पर पैरों, हाथों, कमर और शरीर के उन हिस्सों में खुजली हो सकती है जहां पसीना और नमी अधिक रहती है.
हालांकि, हर तरह की खुजली का कारण डायबिटीज नहीं होता, लेकिन यदि किसी व्यक्ति को लगातार खुजली हो रही है और इसके साथ त्वचा पर लालिमा, दाने, घाव या संक्रमण के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
डायबिटीज के मरीजों में त्वचा पर हुआ छोटा सा घाव भी कई बार जल्दी ठीक नहीं होता और संक्रमण बढ़ने का खतरा रहता है. विशेष रूप से पैरों में घाव, सूजन, लालिमा या पस दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.
बचाव के लिए ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना, पर्याप्त पानी पीना, त्वचा को साफ और नम रखना तथा नहाने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है. बिना डॉक्टर की सलाह के खुजली की क्रीम या दवाओं का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. यदि खुजली लंबे समय तक बनी रहती है तो इसकी सही वजह जानने के लिए जांच कराना जरूरी है.