Assam Road Accident: असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार, 13 नवंबर को बड़ा सड़क हादसा हो गया।

यात्रियों से भरी मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमनेसामने टक्कर में ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 26 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और छात्र भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं।
टक्कर के बाद बस के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री गाड़ी के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने राहत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को निकालने के लिए बस के हिस्सों को काटना पड़ा।
असम के काजीरंगा के निकट रोंगाजन में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
ईश्वर से दिवंगतों की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
— Dr Mohan Yadav November 13, 2026
तेज रफ्तार के कारण हादसे की आशंका
गोलाघाट पुलिस के मुताबिक, मिनी बस बोकाखाट की ओर से नगांव जा रही थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
बस के खिलाफ पहले भी कट चुके थे चालान
हादसे के बाद वाहन के ट्रैफिक रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिनी बस के खिलाफ पहले 12 चालान जारी किए गए थे। इनमें 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान बकाया था।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
घायल यात्रियों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है।