समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर पार्टी के भीतर ही अलगअलग बयान सामने आ रहे हैं. एक तरफ सपा नेता पवन पांडेय ने दावा किया है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे. दूसरी तरफ मुरादाबाद से सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क का कहना है कि उन्हें अभी तक इस दौरे के किसी आधिकारिक कार्यक्रम की जानकारी नहीं है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब पार्टी के नेता अयोध्या दौरे की तारीख बता रहे हैं, तो पार्टी के सांसद को इसकी जानकारी क्यों नहीं है?

मुरादाबाद में अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर संभल से सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा, ‘जितना मुझे पता है, अभी तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है… इसलिए इस पर कोई विशेष टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.’ बर्क का यह बयान ऐसे समय आया है, जब सपा नेता पवन पांडेय सार्वजनिक तौर पर अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचने की जानकारी दे चुके हैं. पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव के साथ पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे और फिर रामलला के दर्शन के लिए राम मंदिर जाएंगे.
एक तरफ 12 दिसंबर की तारीख, दूसरी तरफ सांसद को जानकारी नहीं
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सियासी चर्चा तेज है. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस दौरे को समाजवादी पार्टी की हिंदुत्व और PDA की राजनीति के बीच संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. अखिलेश यादव पहले भी कह चुके हैं कि भगवान सबके हैं और वह अयोध्या के साथ केदारेश्वर और वृंदावनमथुरा में भी दर्शन करने जाएंगे. हाल ही में अखिलेश ने अपने PDA फॉर्मूले को नया संदेश देते हुए कहा था ‘पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद.’
अखिलेश यादव ने यह भी कहा था कि उनके घर में शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव पहले से हैं और जब अवधेश और पवन उनके साथ हैं, तो बीजेपी को घबराना नहीं चाहिए, लेकिन अब पार्टी सांसद जिया उर रहमान बर्क के बयान ने दौरे की औपचारिकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. बर्क ने साफ कहा कि उन्हें आधिकारिक कार्यक्रम की जानकारी नहीं है.
जिया उर रहमान ने बीजेपी पर भी साधा निशाना
अयोध्या दौरे पर टिप्पणी से बचने के बाद जिया उर रहमान बर्क ने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चाहे पंकज चौधरी हों, योगी आदित्यनाथ हों या नरेंद्र मोदी, उन्हें लोगों के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के अलावा कोई एजेंडा नजर नहीं आता. बर्क ने आरोप लगाया कि जानबूझकर ऐसे बयान दिए जाते हैं, जिनसे भ्रम पैदा हो और जनता का ध्यान असली मुद्दों से हट जाए. उन्होंने कहा कि फिलहाल समाजवादी पार्टी न तो यूपी सरकार में सत्ता में है और न ही केंद्र में, लेकिन जो लोग सत्ता में हैं, उन्हें ऐसे मामलों से ध्यान हटाकर जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.
अयोध्या दौरे से बीजेपी को जवाब देने की तैयारी में अखिलेश
अखिलेश यादव का प्रस्तावित अयोध्या दौरा विधानसभा चुनाव से पहले सियासी रूप से अहम माना जा रहा है. बीजेपी लगातार सपा को राम मंदिर और अयोध्या के मुद्दे पर घेरती रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश के प्रस्तावित दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्हें रामभक्तों से पहले माफी मांगनी चाहिए. वहीं अखिलेश यादव ने अयोध्या जाने की बात कहकर साफ किया है कि वह सिर्फ राम मंदिर ही नहीं, बल्कि मथुरा में भी दर्शन करेंगे.