Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के डॉक्टरों ने एक बड़ी चिकित्सा सफलता हासिल की है. यहां डॉक्टरों ने सड़क हादसे में दाहिने हाथ का अंगूठा गंवा चुके एक युवक के हाथ में उसके बाएं पैर का अंगूठा लगा दिया. करीब 10 घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद अब युवक के हाथ की पकड़ और ताकत धीरेधीरे लौटने लगी है. डॉक्टरों का दावा है कि SGPGI में पहली बार इस तरह की सफल सर्जरी की गई है. इस ऑपरेशन को प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने अंजाम दिया.

सड़क हादसे में कट गया था दाहिने हाथ का अंगूठा
प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजीव कुमार भारती ने बताया कि युवक का 17 मार्च 2026 को सड़क हादसा हुआ था. इस दुर्घटना में उसके दाहिने हाथ का अंगूठा पूरी तरह कट गया था. इसके अलावा हाथ की दोनों हड्डियां भी टूट गई थीं. हादसे के बाद युवक को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वहां डॉक्टरों ने कटे हुए हिस्से को बंद करने और हाथ की टूटी हड्डियों को जोड़ने का ऑपरेशन किया.
हालांकि, इलाज के बाद भी युवक अपने हाथ से सामान्य काम नहीं कर पा रहा था. उसे रोजमर्रा के काम करने में परेशानी हो रही थी. डॉक्टरों के मुताबिक, हाथ से किए जाने वाले कामों में अंगूठे की भूमिका करीब 40 फीसदी होती है. इसके बिना किसी चीज को पकड़ना और उसे मजबूती से थामना मुश्किल हो जाता है.
बाएं पैर का अंगूठा छोटा करके हाथ में लगाया
परेशानी बढ़ने पर युवक SGPGI पहुंचा. यहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और मरीज के साथ परिजनों की भी काउंसलिंग की. सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद डॉक्टरों ने बाएं पैर के अंगूठे को छोटा करके दाहिने हाथ में लगाने का फैसला किया. इसके बाद 30 सितंबर को जनरल एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन शुरू किया गया. इस जटिल सर्जरी में डॉक्टरों की दो टीमों ने एक साथ काम किया. पहली टीम ने हाथ में अंगूठा लगाने के लिए जरूरी जगह तैयार की. वहीं दूसरी टीम ने बाएं पैर के अंगूठे को उसकी रक्त वाहिकाओं, नसों और टेंडन के साथ सावधानी से अलग किया.
धीरेधीरे लौट रही हाथ की पकड़ और ताकत
इसके बाद पैर से निकाले गए अंगूठे को दाहिने हाथ की बची हुई हड्डी से जोड़ा गया. डॉक्टरों ने हड्डियों के साथ मांसपेशियों के टेंडन, खून पहुंचाने वाली रक्त वाहिकाओं और संवेदना देने वाली नसों को भी बारीकी से जोड़ा. इससे नए अंगूठे में खून का प्रवाह दोबारा शुरू हो सका. करीब 10 घंटे तक चली सर्जरी के बाद डॉक्टरों को सफलता मिली. अब युवक के हाथ की पकड़ और ताकत में धीरेधीरे सुधार हो रहा है. डॉक्टरों की इस उपलब्धि को हाथ की कार्यक्षमता वापस लाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
SGPGI में बनेगी हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट
SGPGI के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने इस सफलता पर पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस तरह की सर्जरी की सफलता संस्थान में एक समर्पित हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इस ऑपरेशन में प्लास्टिक सर्जरी विभाग से डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती और डॉ. निखिलेश कुमार समेत रेजिडेंट डॉक्टरों ने हिस्सा लिया. वहीं एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टरों और ऑपरेशन थिएटर के स्टाफ ने भी अहम भूमिका निभाई. डॉक्टरों की इस टीमवर्क से युवक को दोबारा अपने हाथ से सामान्य काम करने की उम्मीद मिली है.