UP Election 2027: उत्तर प्रदेश की सियासी बिसात पर अब केवल स्थानीय क्षेत्रीय पार्टियों का ही दबदबा नहीं रहा, बल्कि दूसरे राज्यों की क्षेत्रीय पार्टियों की एंट्री ने यूपी के राजनीतिक समीकरण को पूरी तरह गरमा दिया है। आम आदमी पार्टी, जेडीयू, एलजेपी और AIMIM जैसी बाहरी ताकतों की बढ़ती धमक ने यूपी के स्थानीय क्षेत्रीय दल रालोद, निषाद पार्टी, अपना दल और सुभासपा के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। ये सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि देश के सबसे बड़े सूबे में एक नए ‘प्रेशर पॉलिटिक्स’ की धमाकेदार शुरुआत है।

लखनऊ में नहीं भैया या बहन जी के नारे
लखनऊ के सियासी गलियारों में अब सिर्फ ‘भैया’ या ‘बहन जी’ के नारे नहीं गूंजते। अब यहां बाहरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कद्दावर नेताओं की पदचाप भी साफ सुनाई देती है। बिहार की जेडीयू और एलजेपी हो, दिल्लीपंजाब की आम आदमी पार्टी हो, या फिर हैदराबाद की एआईएमआईएम, इन सभी दलों ने उत्तर प्रदेश को अपनी नई सियासी प्रयोगशाला बना लिया है। ये पार्टियां यूपी के उन खास वोट बैंकों पर नजर गड़ाए हुए हैं, जो कभी स्थानीय पार्टियों का मजबूत किला माने जाते थे। इनकी एंट्री से पारंपरिक वोट शेयर का बिखराव तय है, जिससे मुख्य मुकाबला बहुकोणीय होता जा रहा है।
क्षेत्रीय पार्टियों पर डबल प्रेशर
बाहरी पार्टियों के इस बढ़ते दखल ने यूपी की मूल क्षेत्रीय पार्टियों पर दोहरा दबाव बना दिया है। यूपी में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी जैसी बड़ी पार्टियों को अब बड़े गठबंधन बनाते समय इन बाहरी दलों को भी जगह देने की मजबूरी आ खड़ी हुई है। वहीं, रालोद, अपना दल और निषाद पार्टी जैसे छोटे स्थानीय दलों के सामने अपना वजूद और प्रभाव क्षेत्र बचाने की दोहरी चुनौती है। जब दूसरे राज्यों के दल आकर स्थानीय मुद्दों जैसे मुफ्त बिजली, शिक्षा मॉडल और जातिगत जनगणनापर आक्रामक राजनीति करते हैं, तो स्थानीय दलों को बैकफुट पर आना पड़ता है। यह प्रेशर पॉलिटिक्स टिकटों के बंटवारे से लेकर गठबंधन की सौदेबाजी तक साफ दिखाई दे रही है।
क्या जमीन बचा पाएंगे स्थानीय दल ?
राजनीति के जानकारों की मानें तो बाहरी दलों की यूपी यह एंट्री महज कुछ सीटें जीतने की कोशिश नहीं है। ये असल में बड़े राष्ट्रीय गठबंधन में अपनी बारगेनिंग पावर बढ़ाने का एक सोचासमझा पैंतरा है। स्थानीय पार्टियों के लिए अब चुनौती सिर्फ बीजेपी या कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टियों से लड़ने की नहीं है, बल्कि अपने ही घर में घुस रहे इन बाहरी मेहमानों से अपना पारंपरिक बेस बचाने की भी है। जो दल इस प्रेशर पॉलिटिक्स को झेलकर अपनी जमीन बचा पाएगा, वहीं यूपी की सत्ता की चाबी तक पहुंच पाएगा।
मौजूदगी दर्ज कराएंगे या सिर्फ वोट काटेंगे ?
सवाल ये है कि क्या ये बाहरी दल वाकई यूपी की विधानसभा में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा पाएंगे या फिर सिर्फ ‘वोट कटुआ’ बनकर रह जाएंगे ? सियासी जानकारों का मानना है कि ये प्रेशर पॉलिटिक्स आने वाले चुनावों में टिकटों के बंटवारे और नए गठबंधन के स्वरूप को पूरी तरह बदल देगी। स्थानीय दल जहां अपने कैडर को एकजुट रखने में जुटे हैं, वहीं नए खिलाड़ी अपनी सोशल इंजीनियरिंग से चौंकाने की तैयारी में हैं। यूपी की जनता इस बार बाहरी विजन को चुनेगी या स्थानीय भरोसे पर टिकी रहेगी, ये तो वक्त ही बताएगा।