शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
Himachal Pradesh Government – himachalpr.gov.in | PAK vs SL 1st Test: Saud Shakeel 190 रन बनाकर भी रहे बदकिस्मत, महेला जयवर्धने की अनचाही लिस्ट में दर्ज हुआ नाम​ | UP IAS Transfer List: यूपी में 38 IAS अफसरों के तबादले, अनुज सिंह को LDA की कमान, बिजनौर और सीतापुर में नए DM तैनात​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Viral

बाबरी विध्वंस और आंसुओं की कहानी… सोनिया गांधी ने अपनी किताब में क्या-क्या खुलासा किया?​

सोनिया गांधी ने अब तक अपने बारे में लिखी गई किताबें नहीं पढ़ीं. यह बात उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में कही है. उनके मुताबिक, दूसरों को दशकों तक उनकी कहानी लिखते देखा. अब अपनी बात खुद कहने का वक्त आया है. उनकी नई किताब Belonging: A Journey of Love इसी कोशिश का नतीजा है. लेकिन […]

सोनिया गांधी ने अब तक अपने बारे में लिखी गई किताबें नहीं पढ़ीं. यह बात उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में कही है. उनके मुताबिक, दूसरों को दशकों तक उनकी कहानी लिखते देखा. अब अपनी बात खुद कहने का वक्त आया है. उनकी नई किताब Belonging: A Journey of Love इसी कोशिश का नतीजा है. लेकिन किताब के कुछ पन्ने निजी जिंदगी से निकलकर सीधे राजनीति के मैदान में पहुंच गए हैं. बाबरी मस्जिद का विध्वंस ऐसा ही एक प्रसंग है. छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की तस्वीरें सोनिया गांधी टेलीविजन पर देख रही थीं. उनकी आंखों में आंसू आ गए.

वह लिखती हैं कि उस दिन उन्हें महसूस हुआ कि महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के धर्मनिरपेक्ष भारत को बचाने के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी. सवाल है कि 34 साल पुरानी इस घटना को याद करने का राजनीतिक असर क्या होगा? खासकर तब, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है.

कांग्रेस की विरासत और मौजूदा चुनौतियां

सोनिया का यह कथन महज निजी भावुकता का प्रसंग नहीं है. इसमें कांग्रेस की राजनीतिक विरासत और उसकी मौजूदा चुनौतियां दोनों छिपी हैं. बाबरी विध्वंस के समय केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी. प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव थे. मस्जिद की सुरक्षा का भरोसा देने वाली केंद्र सरकार उसे बचा नहीं सकी. सोनिया ने अपनी किताब में भाजपा और उसकी हिंदुत्व राजनीति के उभार के साथ कांग्रेस की आत्मसंतुष्टि और विफलताओं को भी स्वीकार किया है. यही स्वीकारोक्ति इस प्रसंग को और दिलचस्प बनाती है. कांग्रेस के पास धर्मनिरपेक्षता का दावा है, लेकिन बाबरी विध्वंस के समय उसकी सरकार की भूमिका से जुड़े सवाल भी हैं.

किताब के साथ सोनिया गांधी. फोटो: PTI

क्या मुस्लिम वोटर वापसी करेंगे ?

अब बाबरी के आंसू सामने हैं. फर्क इतना है कि बटला हाउस में सोनिया के रोने की बात पार्टी एक नेता के चुनावी भाषण से निकली थी. बाबरी के मामले में सोनिया ने खुद अपनी किताब में इसे दर्ज किया है. इसलिए इसे खारिज करना मुमकिन नहीं होगा. भाजपा ने इस पर प्रहार शुरू कर दिए हैं. लेकिन क्या मुस्लिम वोटर फिर से कांग्रेस पर भरोसा कर सकेंगे? इसका बड़ा इम्तहान 2027 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में होना है. प्रदेश में भाजपा को रोकने के लिए मुस्लिम वोटरों का बड़ा हिस्सा समाजवादी पार्टी के पक्ष में लामबंद रहता है. भाजपा विरोधी वोटरों का बिखराव रोकने के लिए सपाकांग्रेस के गठबंधन में चुनाव लड़ने की उम्मीद है. लेकिन समझौता होने की हालत में भी कांग्रेस अपनी अलग पहचान और खुद के पैरों पर खड़ा होना चाहेगी. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 1989 से लगातार हाशिए पर है. पार्टी अपना परंपरागत वोट बैंक पार्टी गंवा चुकी है. बाबरी प्रकरण के बाद से मुसलमान खासतौर पर उससे दूर हुए. सोनिया की किताब का यह प्रसंग उस भरोसे की वापसी की कोशिश माना जा सकता है.

सोनिया गांधी की नई किताब Belonging: A Journey of Love.

राख में चिंगारी की तलाश

सोनिया की किताब ने लगभग साढ़े तीन दशक पुराने बाबरी प्रसंग को ताजा किया है. 6 दिसंबर 1992 को विध्वंस के समय कांग्रेस की सरकार थी. पीवी नरसिम्हा राव प्रधानमंत्री थे. गांधी परिवार ने लगातार बाबरी ढांचे को बचाने की नाकामी के लिए राव को ही दोषी माना. लंबी कानूनी लड़ाई के बाद इस बीच वहां राम मंदिर बन चुका है. मंदिर के भव्य उद्घाटन के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने फैजाबाद की लोकसभा सीट गंवा दी. इस हार ने संकेत दिया कि अयोध्या का चुनावी विमर्श केवल मंदिर और बाबरी तक सीमित नहीं है. स्थानीय नाराजगी, संविधान, आरक्षण, रोजगार और सामाजिक समीकरण भी मतदाताओं के फैसले को प्रभावित करते हैं. इसलिए यह मान लेना जल्दबाजी होगी कि बाबरी का पुराना प्रसंग 2027 में में ध्रुवीकरण का जरिया हो सकता है.

सोनिया की किताब ने लगभग साढ़े तीन दशक पुराने बाबरी प्रसंग को ताजा किया है.

सवाल है कि क्या बाबरी की राख में कुछ चिंगारियां बची हैं, जिन्हें कुरेदने पर वे उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनावी माहौल को कुछ गर्म और अलग रुख दे पाएंगी? यह इस पर भी निर्भर करेगा कि भाजपा इसे कितना तूल देती है . उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के मुकाबले में न रहने पर भी प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेता उस पर प्रहार का कोई मौका नहीं छोड़ते. योगी आदित्यनाथ तो हिंदू हितों और मुस्लिम तुष्टिकरण के सवाल और भी मुखर रहते हैं.

सपाकांग्रेस के गठबंधन में लड़ने पर तय है कि चुनाव प्रचार में यह मुद्दा जरूर उठेगा. यहां एक और सवाल है. क्या कांग्रेस सपा के साथ गठबंधन में रहते हुए इस मुद्दे को अपनी राजनीतिक पहचान का हिस्सा बनाएगी? अगर गठबंधन होता है तो सीटों का बंटवारा और चुनावी नेतृत्व ही दोनों दलों के रिश्तों की असली परीक्षा होंगे. सपा को मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ किसी दूसरी पार्टी के साथ साझा करने की जरूरत नहीं दिखती. उधर कांग्रेस को अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी है. भाजपा को रोकने के लिए दोनों का साथ है. लेकिन सपा नहीं चाहती कि कांग्रेस मजबूत होकर तीसरी ताकत बन जाए.

खोई राजनीतिक जमीन के लिए जद्दोजहद

कांग्रेस को लगता है कि राहुल गांधी की संविधान और लोकतंत्र की लड़ाई के साथ धर्मनिरपेक्षता वाला पक्ष जोड़ने से पार्टी को उसकी खोई राजनीतिक जमीन वापस मिल सकती है. नेहरूगांधी परिवार सदैव से अपनी धर्मनिरपेक्ष छवि को लेकर काफी सचेत रहा है. हालांकि राजीव गांधी के समय राम मंदिर का ताला खोले जाने के बाद से मुस्लिम वोटरों का उनसे भरोसा छीजता गया. राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों के उभार बीच मुस्लिम वोटरों को विकल्प मिले और वे उनकी ओर मुड़ गए. दूसरी तरफ कांग्रेस और गांधी परिवार के इस रुख ने भाजपा को उन पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाने का मौका दिया.

फिलहाल मुस्लिम वोटर की दिलचस्पी भावनात्मक बयानों से ज्यादा भाजपा को रोक सकने वाले उम्मीदवारों में है. बेशक सोनिया गांधी की किताब ने बाबरी विध्वंस की यादों को फिर राजनीतिक बहस में ला दिया है. लेकिन आज का उत्तर प्रदेश 1992 वाला उत्तर प्रदेश नहीं है. राम मंदिर बन चुका है. मुस्लिम मतदाताओं की प्राथमिकताएं भी बदल चुकी हैं. कांग्रेस के सामने चुनौती है कि वह धर्मनिरपेक्षता की अपनी विरासत को चुनावी ताकत में कैसे बदले? उसके लिए आंसू नाकाफी होंगे!

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY