क्रिकेट जगत से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। आईपीएल में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी बड़ी टीमों के लिए खेल चुके ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज क्रिस लिन मुश्किल में फंस गए हैं। इंग्लैंड में हुए डोप टेस्ट में उनके सैंपल में कोकीन का मेटाबोलाइट पाया गया। इसके बाद क्रिकेट नियामक ने उन पर एक महीने का प्रतिबंध लगाया। हालांकि, इस मामले में उन्हें पहले तीन महीने की सजा दिए जाने की मांग की गई थी।

डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए क्रिस लिन
36 वर्षीय क्रिस लिन जुलाई 2026 में इंग्लैंड की टी20 ब्लास्ट प्रतियोगिता में नॉर्थम्पटनशायर की तरफ से खेल रहे थे। 18 जुलाई को टूर्नामेंट के फाइनल डे पर उनका नियमित एंटी डोपिंग टेस्ट किया गया था। इस जांच में उनके यूरिन सैंपल में बेंजोइलएक्गोनिन पाया गया, जो कोकीन के सेवन के बाद शरीर में बनता है। इसके बाद 31 जुलाई को उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया।
क्रिस लिन ने खुद स्वीकार किया कोकीन लेने का आरोप
इस मामले में क्रिस लिन ने 20 अगस्त को अपना पक्ष रखते हुए कोकीन के सेवन की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि 15 और 16 जुलाई को उन्होंने इसका सेवन किया था। हालांकि, उनका कहना था कि यह सेवन खेल प्रतियोगिता से बाहर हुआ था और इसका उनके क्रिकेट प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था।
शुरुआत में क्रिकेट नियामक ने तीन महीने के प्रतिबंध की मांग की थी। लेकिन क्रिस लिन द्वारा नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से जुड़े पुनर्वास कार्यक्रम को पूरा करने के बाद उनकी सजा घटाकर एक महीने कर दी गई।
Mumbai Indians और केकेआर के लिए खेल चुके हैं लिन
क्रिस लिन आईपीएल के अनुभवी विदेशी बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 2014 से 2019 तक क्रिकेट खेला। इसके बाद 2020 में वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने। आईपीएल में उन्होंने कुल 42 मुकाबले खेले और 1329 रन बनाए। उनके नाम 10 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए उनका आखिरी आईपीएल मुकाबला 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आया था। खास बात यह है कि क्रिस लिन अपना एक महीने का प्रतिबंध पूरा कर चुके हैं। अब उनकी संभावित बिग बैश लीग वापसी को लेकर भी चर्चा हो रही है।