ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनी एस्टन मार्टिन ने भारतीय बाजार में अपनी कारों की कीमतों में बड़ी कटौती की है. कंपनी की कुछ कारें अब 4 करोड़ रुपए तक सस्ती हो गई हैं. इस कीमत में कटौती की सबसे बड़ी वजह भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट है. इस डील के बाद ब्रिटेन से भारत आने वाली कारों पर लगने वाले आयात शुल्क में राहत मिली है. कंपनी ने टैक्स में मिली इस राहत का फायदा सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का फैसला किया है.

इस बदलाव के बाद एस्टन मार्टिन की लगभग पूरी कार रेंज पहले के मुकाबले काफी सस्ती हो गई है. सबसे ज्यादा कीमत में कटौती कंपनी की फ्लैगशिप कार Vanquish Volante पर हुई है. इसकी कीमत में 4.02 करोड़ रुपए की कमी आई है.
एस्टन मार्टिन की कारों की नई कीमतें
- एस्टन मार्टिन की सबसे किफायती कार Vantage S की कीमत अब 3.15 करोड़ रुपए हो गई है. पहले इसकी कीमत 4.99 करोड़ रुपए थी. यानी ग्राहक अब इसे 1.84 करोड़ रुपए कम कीमत पर खरीद सकते हैं.
- Vantage Roadster की कीमत में 1.91 करोड़ रुपए की कटौती हुई है. पहले यह कार 5.26 करोड़ रुपए में मिलती थी, लेकिन अब इसकी एक्सशोरूम कीमत 3.35 करोड़ रुपए रह गई है.
- कंपनी की लग्जरी SUV DBX भी अब पहले से काफी सस्ती हो गई है. इसकी कीमत 6.80 करोड़ रुपए से घटाकर 4.15 करोड़ रुपए कर दी गई है. यानी इसकी कीमत में 2.65 करोड़ रुपए की कमी आई है.
- DB12 S की कीमत 2.52 करोड़ रुपए और DB12 S Volante की कीमत 2.65 करोड़ रुपए कम हुई है. इस बदलाव से कंपनी की स्पोर्ट्स कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी.
Vanquish Volante पर सबसे बड़ी कटौती
एस्टन मार्टिन की फ्लैगशिप Vanquish सीरीज पर भी कीमतों में भारी कटौती की गई है. Vanquish Coupe की कीमत पहले 10.11 करोड़ रुपए थी, जो अब घटकर 6.40 करोड़ रुपए रह गई है. इस तरह इसकी कीमत में 3.71 करोड़ रुपए की कमी आई है. वहीं, Vanquish Volante की कीमत में सबसे ज्यादा 4.02 करोड़ रुपए की कटौती की गई है. पहले इसकी एक्सशोरूम कीमत 10.92 करोड़ रुपए थी, लेकिन अब यह 6.90 करोड़ रुपए में उपलब्ध होगी.
इस तरह भारत और ब्रिटेन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का फायदा एस्टन मार्टिन की कारों की कीमतों में साफ दिखाई दे रहा है. ब्रिटेन में बनी कारों पर आयात शुल्क कम होने से उनकी कीमतें घट रही हैं. आने वाले समय में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए FTA का असर यूरोप में बनी कारों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है.