EPFO : करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए अपने पीएफ खाते से जुड़े काम करना अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रहा है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अपने करोड़ों सदस्यों की सहूलियत के लिए दो बेहद खास पहल शुरू करने की तैयारी में है. पहली पहल के तहत अब लोगों को वॉट्सऐप के जरिए ही पीएफ से जुड़ी सेवाएं मिल सकेंगी. वहीं दूसरी बड़ी पहल उन पुराने खातों से जुड़ी है, जो लंबे समय से बंद पड़े हैं. ऐसे इनएक्टिव खातों में अगर 1000 रुपये तक का बैलेंस है, तो उनका ऑटोमैटिक सेटलमेंट कर दिया जाएगा.

रविवार, 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में संगठन का 74वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है. प्रेस सूचना ब्यूरो की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इस खास कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. इसी मंच से करोड़ों पीएफ सदस्यों के लिए इन दोनों नई सुविधाओं को लॉन्च किया जाना है. संगठन का पूरा ध्यान इस बात पर है कि सदस्यों को पीएफ की सुविधाएं आसानी से मिलें. इसके अलावा छोटे और लंबे समय से बंद पड़े खातों के निपटारे का काम भी बिना किसी झंझट के पूरा हो सके.
छोटे पीएफ खातों का अपने आप होगा निपटारा
अक्सर लोग नौकरी बदलने के बाद अपने पुराने पीएफ खातों में पड़ी छोटी रकम को भूल जाते हैं या लंबी प्रक्रिया की वजह से उसे निकालते नहीं हैं. अभी के नियमों के मुताबिक ऐसे बंद पड़े खातों से पैसा निकालने के लिए सदस्यों को अलग से पूरी सेटलमेंट प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है.
ईपीएफओ की नई पहल से ऐसे पात्र सदस्यों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनके लंबे समय से बंद पड़े खातों में 1000 रुपये तक की छोटी रकम जमा है. अब इन खातों का ऑटोमैटिक सेटलमेंट किया जाएगा. इस नई व्यवस्था का सीधा मकसद प्रक्रिया को सरल बनाना है. इसके लागू होने के बाद पात्र सदस्यों को अपनी छोटी रकम निकालने या खाता बंद कराने के लिए किसी लंबी कागजी प्रक्रिया के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. हालांकि, पीआईबी की प्रेस रिलीज में अभी ये साफ नहीं किया गया है कि इस सुविधा के लिए पात्रता की पूरी शर्तें क्या होंगी. साथ ही ऑटोमैटिक सेटलमेंट का ये काम किस तारीख से शुरू होगा, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है.
74 Years of EPFO Reforming Landscape of Social Security
#EPFO, in partnership with India Post Payments Bank , brings convenience to EPS pensioners through free doorstep Digital Life Certificate submission
Now, pensioners can simply dial 03322029000 to avail this service and submit their Digital Life Certificate from the comfort of their homes, free of cost
#EPFOat74 @officialepfo
— PIB India November 1, 2026
वॉट्सऐप के जरिए आसान होगी पीएफ की राह
डिजिटल दौर में अपने सदस्यों के साथ संपर्क को बेहतर बनाने के लिए संगठन वॉट्सऐप का सहारा लेने जा रहा है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद पीएफ खाताधारकों को अपनी सुविधाओं तक पहुंचने के लिए एक नया और आसान माध्यम मिल जाएगा. इससे ईपीएफओ की सेवाएं पहले के मुकाबले काफी सुविधाजनक हो जाएंगी.
पीएफ से जुड़ी जानकारी लेने के लिए सदस्यों के पास वॉट्सऐप के रूप में एक सीधा विकल्प मौजूद रहेगा. हालांकि, संगठन ने अभी ये जानकारी साझा नहीं की है कि वॉट्सऐप पर कुल कौनकौन सी सेवाएं मिलेंगी. सदस्य किस प्रक्रिया के तहत इन सेवाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे, इसका पूरा ब्योरा भी अभी जारी होना बाकी है.
बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों का होगा सम्मान
नई दिल्ली में होने वाले इस स्थापना दिवस कार्यक्रम में सिर्फ नई सुविधाओं का ही ऐलान नहीं होगा, बल्कि बेहतरीन काम करने वालों को सम्मान भी मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान भविष्य निधि अवॉर्ड्स 2026 भी दिए जाएंगे. केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया संगठन के क्षेत्रीय कार्यालयों, जोनल कार्यालयों के साथसाथ बेहतर काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे.
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री वहां लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का भी जायजा लेंगे. इस मौके पर कुछ खास प्रकाशनों का विमोचन भी किया जाएगा. इन प्रकाशनों में ज्ञान निर्माण, संस्थागत सीख, संवेदनशील प्रशासन के साथसाथ कानूनी जागरूकता से जुड़े अहम विषय शामिल किए गए हैं. कुल मिलाकर ईपीएफओ की इन नई कोशिशों से करोड़ों खाताधारकों के लिए पीएफ सेवाओं तक पहुंच काफी आसान हो जाएगी. लोगों को अब बस इन दोनों पहलों की विस्तृत प्रक्रिया और शर्तों से जुड़ी आधिकारिक जानकारी के जारी होने का इंतजार है.