8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी के बाद अब उनकी सैलरी और 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। DA बढ़कर बेसिक सैलरी का 63% हो गया है। इस बढ़ोतरी का फायदा कर्मचारियों को हर महीने मिलने वाली सैलरी में दिखेगा। इसके साथ ही, जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीनों का एरियर भी मिलेगा। ऐसे में अब समझते हैं फिटमेंट फैक्टर का गणित कैसे बदलेगा। इसके साथ ही आपकी सैलरी पर इसका कितना असर होगा।

लेकिन सवाल सिर्फ मौजूदा सैलरी बढ़ने का नहीं है। कर्मचारी यह भी जानना चाहते हैं कि DA में इस बढ़ोतरी का 8वें वेतन आयोग के तहत मिलने वाली नई बेसिक सैलरी और फिटमेंट फैक्टर पर क्या असर पड़ेगा। इसे समझने के लिए पहले DA और फिटमेंट फैक्टर के बीच का संबंध जानना जरूरी है।
DA 63% होने पर कितनी बढ़ेगी सैलरी?
सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके बाद DA 60% से बढ़कर 63% हो गया है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत भी बढ़ाकर 63% कर दी गई है। इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलने की बात कही गई है। इसे एक उदाहरण से समझते हैं। अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो पहले 60% DA के हिसाब से उसे हर महीने 10,800 रुपये महंगाई भत्ता मिलता था। अब 63% DA के हिसाब से यह रकम बढ़कर 11,340 रुपये हो जाएगी।
₹18,000 बेसिक सैलरी पर DA का गणित
पुराना DA ₹10,800
नया DA ₹11,340
हर महीने अतिरिक्त रकम ₹540
4 महीने का अनुमानित एरियर ₹2,160
यह गणना ₹18,000 की स्थिर बेसिक सैलरी के आधार पर है। वास्तविक भुगतान वेतन और लागू नियमों के अनुसार अलग हो सकता है। सरकार के मुताबिक, DA और DR में इस बढ़ोतरी से सालाना करीब 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। यह 2026 में महंगाई भत्ते में दूसरी बढ़ोतरी है।
8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर पर क्या होगा असर?
फिटमेंट फैक्टर वह गुणक होता है, जिसके आधार पर पुराने वेतन आयोग की बेसिक सैलरी को नए वेतन आयोग की बेसिक सैलरी में बदला जाता है। हालांकि, फिटमेंट फैक्टर जितना होता है, उतनी ही वास्तविक सैलरी बढ़ोतरी हो, यह जरूरी नहीं है। दरअसल, नया वेतन आयोग लागू होने पर मौजूदा बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते को ध्यान में रखकर नई बेसिक सैलरी तय की जाती है। इस प्रक्रिया में पुराने DA को नई बेसिक सैलरी में समायोजित किया जाता है और नए वेतन ढांचे में DA की गणना नए सिरे से शुरू होती है। इसलिए फिटमेंट फैक्टर का एक हिस्सा पहले से मिल रहे महंगाई भत्ते को समायोजित करने में जाता है। इसके बाद बचने वाला हिस्सा वास्तविक वेतन वृद्धि को दर्शाता है।
फिलहाल DA 63% होने का मतलब है कि कर्मचारी को बेसिक सैलरी के मुकाबले DA के रूप में 63% अतिरिक्त रकम मिल रही है। यानी बेसिक और DA को मिलाकर कुल रकम बेसिक सैलरी की 1.63 गुना है। हालांकि, इस आधार पर 8वें वेतन आयोग का अंतिम फिटमेंट फैक्टर तय नहीं किया जा सकता। इसके लिए आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार करना होगा।
ये भी पढ़ें:
7वें वेतन आयोग में कितना था फिटमेंट फैक्टर?
7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से लागू हुआ था। उस समय केंद्रीय कर्मचारियों को 125% DA मिल रहा था। आयोग ने नई बेसिक सैलरी तय करने के लिए 2.57 का फिटमेंट फैक्टर निर्धारित किया था। उस समय पुराने DA को समायोजित करने के बाद वास्तविक वेतन वृद्धि करीब 14.2% बैठती थी। यानी 2.57 के फिटमेंट फैक्टर को पूरी तरह वास्तविक सैलरी बढ़ोतरी मानना सही नहीं होगा। इसका बड़ा हिस्सा पुराने महंगाई भत्ते को समायोजित करने में शामिल था।
क्या 8वें वेतन आयोग में भी मिलेगी 14% से ज्यादा बढ़ोतरी?
यह सवाल केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सबसे अहम है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि 8वें वेतन आयोग में कितना फिटमेंट फैक्टर लागू होगा और कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में कितनी बढ़ोतरी की जाएगी। DA में मौजूदा बढ़ोतरी से कर्मचारियों की मासिक आय जरूर बढ़ेगी, लेकिन इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर भी उसी अनुपात में बढ़ेगा। नई सैलरी का वास्तविक गणित आयोग की सिफारिशों, वेतन संरचना और सरकार के फैसले पर निर्भर करेगा। कर्मचारियों के लिए फिलहाल राहत की बात यह है कि DA बढ़ने से मौजूदा वेतन में इजाफा होगा और एरियर भी मिलेगा। वहीं, 8वें वेतन आयोग में वास्तविक वेतन वृद्धि कितनी होगी, इसकी तस्वीर फिटमेंट फैक्टर की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
ये भी पढ़ें: