दुबई: वर्ल्ड कप 2027 में भले ही अभी एक साल का वक्त बचा हो, लेकिन अफ्रीकी महाद्वीप में होने वाले इस 50 ओवर टूर्नामेंट के टिकटों के लिए फैंस के बीच होड़ शुरू हो चुकी है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने मंगलवार को कहा है कि उसने 12 दिन पहले टिकटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की थी, तब से अब तक 142 देशों से डेढ़ करोड़ से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं.
दो अक्टूबर 2027 से शुरू होने वाले वर्ल्ड कप की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे और इसका आयोजन दो अक्टूबर से 21 नवंबर तक किया जाएगा. 2003 में भी अफ्रीकी देशों ने मिलकर विश्व कप की मेजबानी की थी.
आईसीसी ने एक बयान में कहा:
अब तक टिकटों के लिए एक करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिले हैं, जिसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 पंजीकरण कराए हैं. टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवंबर 2026 तक कराया जा सकता है, जिसके ठीक एक साल बाद जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में फाइनल का आयोजन होगा. आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा:
टिकटों की भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण तथा टूर्नामेंट के आगाज से पहले आईसीसी और उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुई उत्सुकता का प्रमाण है. क्रिकेट विश्व कप 24 साल के अंतराल के बाद दक्षिण अफ्रीका लौट रहा है.
अभी और बढ़ेता उत्साह और रोमांच
संजोग गुप्ता ने कहा, ‘टूर्नामेंट शुरू होने में एक साल शेष है और आईसीसी ने इस दौरान व्यापक स्तर पर प्रचार गतिविधियों, विभिन्न मंचों पर अभियान और विशेष सामग्री की शृंखला की योजना बनाई है, इससे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 को लेकर प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ेगा.