कंडीशनर हमारे हेयर केयर रूटीन का एक अहम हिस्सा होता है. खासकर लड़कियां अपने बालों में कंडीशनिंग का ज्यादा ख्याल रखती हैं, क्योंकि लंबे बालो अगर मुलायम और चमकदार हो तो न सिर्फ ये देखने में अच्छे लगते हैं, बल्कि आसानी से सुलझाए भी जा सकते हैं. हालांकि सिर्फ कंडीशनर लगाना ही काफी नहीं होता है, बल्कि आपको इसे लगाने का सही तरीका भी पता होना चाहिए. कंडीशनर लगाने में की गई कुछ आम सी लगने वाली गलतियां आपके बालों की सेहत पर असर डाल सकती हैं.

कंडीशनर अप्लाई करने में अगर आप ये गलतियां करती हैं तो इससे आपके बाल बाउंसी की बजाय तैलीय दिखाई दे सकते हैं, जो जाहिर तौर पर किसी को भी पसंद नहीं आते हैं. इसके अलावा इससे आपकी स्कैल्प पर बिल्डअप जमा हो जाता है जो बालों की ग्रोथ पर असर डाल सकता है और बालों के टूटने की समस्या भी हो सकती है. जान लेते हैं कॉमन कंडीशनिंग मिस्टेक्स कौन सी होती हैं.
सीधे स्कैल्प पर अप्लाई करना
कंडीशनर लगाने में की जाने वाली सबसे आम गलतियों में से एक है. इसे सीधे स्कैल्प पर अप्लाई कर लेना. जबकि कंडीशनर सिर्फ आपके बालों के लिए बना है. इसे कभी भी जड़ों में नहीं लगाना चाहिए. जड़ों में जब आप कंडीशनर अप्लाई करती हैं और ये सही से क्लीन नहीं होता है तो बिल्डअप होने लगता है और बाल बहुत ज्यादा चिपचिपे भी दिखाई देते हैं. हमेशा अपने बालों की लंबाई और सिरे पर ही कंडीशनर लगाएं.
मात्रा से ज्यादा कंडीशनर लगाना
बहुत सारे लोग ऐसे होते हैं, जिन्हें लगता है कि ज्यादा कंडीशनर लगाने से बाल ज्यादा मुलायम और चमकदार दिखाई देंगे, लेकिन ये गलती करने से भी आपके बाल तैलीया दिखाई देने लगते हैं. जरूरी है कि हमेशा सही मात्रा में कंडीशनर अप्लाई करें. ये आपके बालों की लंबाई, मोटाई पर निर्भर करता है कि कितनी मात्रा सही रहेगी. बस अच्छी कवरेज होनी चाहिए, थोड़ी मात्रा में लगाना शुरू करें और बस ये बालों की लंबाई, सिरों पर अच्छी तरह फैल जाना चाहिए. इतना काफी रहता है.
कंडीशनर लगाकर बालों को रगड़ना
लड़कियां कंडीशनर लगाते वक्त एक गलती ये भी करती हैं कि वो बालों को तेजी से रगड़ती हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि बालों में कंडीशनर सही से नहीं फैल रहा है. इस गलती की वजह से आपके बाल ज्यादा टूट सकते हैं, क्योंकि शैंपू के बाद आपके बाल ज्यादा संवेदनशील हो जाते हैं. बालों में कंडीशनर लगाकर इसे हल्के हाथों से फैलाएं और बाल ज्यादा उलझे महसूस हो रहे हो तो चौड़े दांतों वाली कंघी का यूज करें.
बालों को सही से वॉश न करना
कंडीशनर अप्लाई करने के बाद बालों को पानी से अच्छी तरह से धोना जरूरी होता है ताकि पूरा प्रोडक्ट निकल जाए. अगर आप इसे सही से नहीं साफ करते हैं तो कंडीशनर हेयर में ही रह जाता है, जिससे बिल्डअप बनने लगता है और खासकर ये स्कैल्प लगा हुआ रह सकता है, जिससे बाल बहुत जल्दी चिपचिपे दिखने लगते हैं. टाइमिंग का भी ध्यान रखना चाहिए. कंडीशनर को बहुत लंबे समय के लिए लगाकर न रखें. पैक पर दिए गए दिशानिर्देशों को जरूर पढ़ लें और इसी के हिसाब से हेयर वॉश करें.
बालों के लिए सही कंडीशनर न चुनना
इस बात का भी ध्यान रखना जरूरी होता है कि हर कंडीशनर हर तरह के बालों के लिए एक जैसा असरदार नहीं हो सकता है. अगर पतले बालों पर गाढ़े फॉर्मूले वाला कंडीशनर हैवी लग सकता है, जबकि रूखे, मोटे या कर्ली बालों के लिए हैवी कंडीशनर की जरूरत होती है. इसी के मुताबिक कंडीशनर खरीदें ताकि आपके बालों को सही तरह से फायदा मिल सके.