UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में तंबौर थाना क्षेत्र में रविवार को कोहरे और धुंध के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस भीषण हादसे में दो युवतियों समेत तीन सगे भाईबहनों की मौके पर ही जान चली गई. तीनों मृतक एक ही परिवार के थे. मृतकों की पहचान यशपाल , पूजा और गायत्री के रूप में की गई है. ये भीषण हादसा रिहार स्थित गैस एजेंसी के पास हुआ. एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, देवपालपुर के रहने वाले यशपाल, पूजा और गायत्री बाइक से सीतापुर की ओर से अपने घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी दौरान रिहार स्थित गैस एजेंसी के पास एक अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े. इसी बीच लहरपुर की ओर से ईंटों से लदी एक ट्रैक्टरट्रॉली वहां से गुजरी और तीनों को कुचलते हुए निकल गई.
परिजनों में मची चीखपुकार
बताया जा रहा है कि ये हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पिकअप और ट्रैक्टरट्रॉली के चालक मौके से फरार हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. एक साथ तीन सगे भाईबहनों की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची घर में चीखपुकार मच गई.
सीओ लहरपुर ने क्या बताया?
जिस परिवार में कुछ देर पहले तक अपनों के लौटने का इंतजार था वहां अब तीन मौतों से मातम छाया हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है. सीओ लहरपुर ने बताया कि सुबह करीब 7:15 पर इस हादसे की जानकारी मिली. हादसे में तीनों भाईबहनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. शक के आधार पर एक ट्रैक्टरट्रॉली को कब्जे में लिया गया है.