Kanpur News: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने एक गरीब महिला के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा कर डाला. मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़ित महिला को आयकर विभाग की ओर से करोड़ों रुपये का नोटिस थमाया गया. नोटिस देखते ही महिला के होश उड़ गए और उसने तत्काल न्याय के लिए पुलिस की शरण ली है.
Khabar Monkey

जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अर्चना मिश्रा कानपुर की रहने वाली हैं और अत्यंत साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं. वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए ई-रिक्शा चलाती हैं. जालसाजों ने अर्चना की इसी लाचारी और अज्ञानता का फायदा उठाया. आरोप है कि शातिर अपराधियों ने महिला के व्यक्तिगत दस्तावेजों (पैन कार्ड, आधार कार्ड आदि) को धोखे से हासिल कर लिया और उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाए.
15 करोड़ का मिला नोटिस
इन खातों के माध्यम से 15 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन किया गया, जिसकी पीड़िता को भनक तक नहीं थी. इस वित्तीय फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब आयकर विभाग की टीम ने खातों में हुए भारी-भरकम टर्नओवर को लेकर अर्चना मिश्रा के नाम पर एक बड़ा टैक्स नोटिस जारी कर दिया. नोटिस में करोड़ों रुपये के टैक्स की देनदारी देखकर पीड़िता के पैरों तले जमीन खिसक गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
एक ई-रिक्शा चालक, जो बमुश्किल रोज की रोटी का इंतजाम कर पाती है, उसके लिए इस तरह का नोटिस एक बहुत बड़ा मानसिक और आर्थिक आघात साबित हुआ. अचानक आए इस संकट से घबराई अर्चना मिश्रा ने तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया और अपने साथ हुए इस सुनियोजित धोखे की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू कर दी है.





