उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी राजनीतिक दल जोर शोर से जुटे हैं. सूबे में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच आज बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक के साथसाथ केंद्रीय नेताओं के साथ संगठनात्मक वर्चुअल बैठक आयोजित की जा रही है. मथुरा में आयोजित चुनावी बैठक के बाद तैयारियों को लेकर यह यूपी बीजेपी की पहली बैठक है.

इस बैठक में यूपी के पार्टी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल, उत्तर प्रदेश के सभी प्रांतों के क्षेत्रीय अध्यक्ष, चुनाव के दृष्टि से लगाए गए सभी 6 संगठन मंत्री, पार्टी के विधायक, पार्टी के लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मौजूद रहेंगे. संगठन महासचिव बीएल संतोष भी इस बैठक में जुड़े रह सकते हैं.
बैठक में दिए जाएंगे अहम निर्देश
वर्चुअल तरीके से आयोजित होने वाली इस बैठक में कई नुमाइंदों की मौजूदगी रहेगी. इसमें सारे सह प्रभारी भी मौजूद रहेंगे. इस बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों को ज़मीनी स्तर पर लागू करने पर ज़ोर दिया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक मथुरा योजना बैठक में संगठन के जो फैसले लिए गए हैं, उन्हें जमीन पर किस तरीके से उतारा जाए, उससे संबंधित फीडबैक भी इनसे लिया जाएगा. साथ ही कुछ अहम निर्देश भी दिए जाएंगे.
बैठक के मुख्य एजेंडे में मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाना, ‘विशेष सघन पुनरीक्षण’ अभियान, ‘लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज़ करना शामिल है.
इन मुद्दों पर चर्चा होगी
- लोकतंत्र बचाओ यात्रा को प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा प्रभावी बनाया जाए.
- बूथ अध्यक्ष बैठक को चुनाव तक नियमित रूप से आयोजित किया जाए ताकि कार्यकर्ता बूथ के मुताबिक बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह कर सकें.
- मतदाता सूची में छूटे हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के नामों को जुड़वाने का पार्टी अभियान जो चल रहा है उसे जल्द ही पूरा किया जाए.
- एसआईआर पर पार्टी के कैंपेन को मजबूती से कैसे आगे ले जाया जाए.
- नवनियुक्त सारी 403 विधानसभा सीट प्रभारियों को उनके विधानसभा संबधित रिपोर्ट बनाने के लिए संगठन के लोग पूरा सहयोग करें और उन्हे सारी जानकारी मुहैया करवाएं.
- कार्यकर्ताओं को सक्रियता के बढ़ाने के लिए पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी.