UP Election 2027: उत्तर प्रदेश को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू कर दी है। सोमवार को दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक हुई। बैठक के बाद कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, अभी सीटों की संख्या पर कोई फैसला नहीं हुआ है। दोनों दलों के बीच मंगलवार को भी बातचीत होगी। ऐसे में अब सबकी नजर सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर है।

दिल्ली में जुटे दोनों दलों के नेता
सीट बंटवारे को लेकर पहली बैठक कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। इसमें सपा की ओर से रामगोपाल यादव, इकरा हसन, राजीव राय और श्यामलाल पाल शामिल हुए। वहीं कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, आराधना मिश्रा, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और प्रमोद तिवारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई।
कितनी सीटों पर फंसा पेंच?
बैठक के बाद आराधना मिश्रा ने कहा कि सीटों का फैसला इस आधार पर होगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में किस पार्टी के उम्मीदवार के जीतने की संभावना ज्यादा है। उन्होंने 50 या 100 सीटों की मांग से जुड़े सवालों पर कोई संख्या बताने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि दोनों दलों का लक्ष्य 2027 में बीजेपी को हराकर सरकार बनाना है। इसलिए सीटों के बंटवारे में जीतने की संभावना को प्राथमिकता दी जाएगी।
कम समय चली बैठक पर क्या कहा?
दोनों दलों की पहली बैठक करीब 15 मिनट चली। बैठक के कम समय में खत्म होने पर आराधना मिश्रा ने कहा कि जब आपसी विश्वास होता है तो लंबी बातचीत की जरूरत नहीं पड़ती। शब्द कम होते हैं और नीयत साफ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच विश्वास है और बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई है।
मंगलवार को फिर होगी बातचीत
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच 24 नवंबर को फिर बैठक होगी। बातचीत में विधानसभा सीटों की स्थिति और जीतने की संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा। कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर अगले दौर की चर्चा में सीटों के फॉर्मूले पर बात आगे बढ़ने की उम्मीद है।
दोतिहाई बहुमत से सरकार बनाने का दावा
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने दावा किया कि सपा और कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलकर दोतिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर बीजेपी को हराया था और 2027 में भी इसी तरह गठबंधन चुनाव लड़ेगा। उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के लोग मौजूदा सरकार से परेशान हैं।