Trump’s latest threat to Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर एक एआई-जनरेटेड इमेज पोस्ट कर ईरान को तीखी चेतावनी दी है. इमेज में ट्रंप एक अमेरिकी नौसेना डिस्ट्रॉयर पर खड़े दिख रहे हैं, उनके पीछे नेवी चीफ भी खड़े हैं. इस फोटो के साथ ट्रंप ने कैप्शन ने दिया है, ‘यह तूफान से पहले की शांति थी.’

यूएस-ईरान में बढ़ रहा तनाव
यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका-ईरान के बीच तनाव चरम पर है. ईरान किसी भी हाल में होर्मुज स्ट्रेट पर अपना कंट्रोल नहीं खोना चाहता. वह अपना परमाणु कार्यक्रम बंद करने के लिए भी तैयार नहीं है. साथ ही प्रॉक्सी संगठनों हमास, हूती और हिजबुल्लाह को भी उसका समर्थन पहले की तरह जारी है. उसकी इन गतिविधियों का यूएस और इजरायल सख्ती से विरोध कर रहे हैं.
कभी भी टूट सकता है सीजफायर!
फिलहाल दोनों पक्षों के बीच 8 अप्रैल से सीजफायर जारी है और दोनों के बीच बैकडोर बातचीत की कोशिश चल रही है. बात न बनते देख ट्रंप प्रशासन ईरान पर अधिक दबाव बनाने के विकल्पों पर विचार कर रहा है. सूत्रों का कहना है कि कूटनीतिक बातचीत असफल रहने की स्थिति में यूएस-इजरायल फिर से ईरान पर हमले शुरू कर सकते हैं. ऐसे में ट्रंप का यह पोस्ट ईरान के लिए एक तरह से चेतावनी है कि मौजूदा शांति अस्थायी है और जल्द ही तूफान आ सकता है.
Khabar Monkey
कहीं ‘मैक्सिमम प्रेशर’ रणनीति तो नहीं?
वैश्विक मामलों के एक्सपर्टों का कहना है कि ट्रंप का यह स्टाइल उनके पुराने ‘मैक्सिमम प्रेशर’ का हिस्सा है. वे अक्सर अपने विरोधियों को डराने के लिए इसी तरह के शब्दों और पोस्ट का इस्तेमाल करते हैं. अब क्या वे वाकई इस धमकी को अमल में लाते हैं या यह गीदड़भभकी साबित होती है, यह तो वक्त बताएगा. लेकिन मौजूदा समय में पश्चिम एशिया में उसकी सैन्य तैनाती काफी मजबूत है.
अमेरिकी की सैन्य तैयारियां हो रही तेज
फारस की खाड़ी के आसपास अमेरिकी नौसेना के विमानवाहक युद्धपोत, बी-52 बॉम्बर्स और मिसाइल डिफेंस सिस्टम तैनात हैं. साथ ही निगरानी-जासूसी के लिए उसके कई विमान लगातार आकाश में चक्कर काट रहे हैं. ट्रंप ने इस पोस्ट के जरिए संदेश दिया है कि सब्र का बांध टूटने पर वह तेहरान पर फिर से बमों की बारिश कर सकता है. वहीं, ईरान ने कहा कि अगर यूएस-इजरायल ने अटैक किया तो वह भी उसके ठिकानों पर हमला कर अपने अंदाज में जवाब देगा.





