Karnataka News: बेंगलुरु के राजाजीनगर में एक ही परिवार के 7 सदस्यों की निर्मम हत्या के मामले में एक बेहद दिल दहला देने वाला और खौफनाक मोड़ सामने आया है. 15 दिनों के भीतर 7 कत्ल की वारदात को अंजाम देने वाले साइको किलर इंदुशेखर का नया ऑडियो क्लिप सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी न केवल कत्ल के बाद मृतकों के मोबाइल फोन अपने पास रखता था, बल्कि परिजनों और रिश्तेदारों को गुमराह करने के लिए मासूम बच्चों का इस्तेमाल करता था. वो बच्चों से रिश्तेदारों से फोन पर यह कहलवाता था कि पूरा परिवार घूमने गया है और बस में सफर कर रहा है.

जारी हुए ऑडियो क्लिप में मृतक नलिनी की मां तुंगम्मा और अन्य रिश्तेदार रोतेबिलखते हुए मासूम बच्चे यतिन से कम से कम एक बार नलिनी से बात कराने की गुहार लगा रहे हैं. तुंगम्मा बेहद परेशान थीं और अपनी बेटी की आवाज सुनने के लिए तड़प रही थीं.
आरोपी के दबाव और बहकावे में आकर बच्चे यतिन ने रिश्तेदारों को जवाब दिया “मम्मीपापा बस में हैं, हम सब यात्रा पर निकले हैं. अभी बस में बात नहीं हो सकती. हमें वापस लौटने में तीन महीने का समय लगेगा.” जब रिश्तेदारों ने परिवार के दूसरे बच्चे पुनीत के बारे में पूछा, तो यतिन ने कहा कि पुनीत भी उनके साथ बस में ही बैठा है और वे सब एक साथ घूमने जा रहे हैं. इसके बाद बच्चे ने कहा कि उसे बस में चढ़ने के लिए बुलाया जा रहा है और उसने फोन काट दिया.
शिवकुमार और दिव्या की हत्या के बाद पुनीत से फोन उठवाया
पहला चरण
आरोपी इंदुशेखर ने जब शिवकुमार और दिव्या की हत्या की, तो उसने उनके बेटे पुनीत को जिंदा रखा. जब रिश्तेदारों के फोन आते थे, तो वह पुनीत के जरिए उनसे बात करवाता था ताकि किसी को कोई शक न हो.
शंकर और नलिनी के कत्ल के बाद यतिन से दिलवाया जवाब
दूसरा चरण
इसके बाद जब उसने शंकर और नलिनी को मौत के घाट उतारा, तो उनके बेटे यतिन को अपने साथ ले गया. यतिन को सफर और ट्रिप की झूठी कहानी रटा दी गई थी, जिसे वह रिश्तेदारों के सामने दोहराता रहा.
सबूत मिटाने के लिए दोनों मासूमों को भी उतार दिया मौत के घाट
अंतिम खूनी कदम
जब आरोपी को लगा कि रिश्तेदारों को गुमराह करने का काम पूरा हो गया है और उसकी योजना कामयाब हो रही है, तो उसने राज छुपाने के लिए दोनों मासूम बच्चों की भी निर्ममता से हत्या कर दी.
परिजनों ने पुलिस को सौंपे ऑडियो सबूत, फॉरेंसिक जांच जारी
मृतकों के पीड़ित परिजनों ने यतिन और पुनीत के साथ हुई इस फोन बातचीत के सभी ऑडियो रिकॉर्डिंग्स बेंगलुरु पुलिस और क्राइम ब्रांच को सौंप दिए हैं. राजाजीनगर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ऑडियो क्लिप्स की प्रामाणिकता और बैकग्राउंड वॉइस एनालिसिस की जांच कर रहे हैं, ताकि अदालत में आरोपी इंदुशेखर के खिलाफ मजबूत और अकाट्य डिजिटल साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी इंदुशेखर ने जिस दरिंदगी और शातिराना अंदाज से इस पूरे नरसंहार को अंजाम दिया, यह ऑडियो क्लिप उसकी क्रूरता का सबसे बड़ा सबूत है.