भारत में खाने के तेल की बढ़ती कीमतें आम लोगों के साथसाथ सरकार के लिए भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं. देश को अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करना पड़ता है. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने और रुपये में कमजोरी आने का सीधा असर भारत के कुकिंग ऑयल बिल पर पड़ रहा है.

हालात यह हैं कि वित्त वर्ष 202526 के दौरान भारत का खाद्य तेल आयात बिल बढ़कर करीब 2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. यह रकम केंद्र सरकार के कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों के बजट से भी ज्यादा है. वहीं, देश में ज्यादातर खाने के तेल की खुदरा कीमतों में पिछले एक साल के दौरान 13 से 16 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है.
सवाल है कि आखिर भारत को इतना महंगा खाने का तेल क्यों खरीदना पड़ रहा है? देश में सरसों, मूंगफली और सोयाबीन जैसी फसलें उगाने के बावजूद आयात पर निर्भरता क्यों बनी हुई है? आइए इसे आसान भाषा में समझने की कोशिश करते हैं…
भारत आयात के लिए कितनी रकम चुका रहा है?
इंडस्ट्री लॉबी ‘सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के अनुसार, तेल वर्ष 202526 के दौरान, भारत ने वनस्पति तेलों के आयात पर अनुमानित 2 लाख करोड़ खर्च किए. यह आयात बिल कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों के लिए पूरे केंद्रीय बजट से कहीं अधिक है और इसमें रासायनिक उर्वरकों पर दी जाने वाली सब्सिडी शामिल भी नहीं है. मौजूदा आयात बिल पिछले साल की तुलना में 24 फीसदी अधिक है. मात्रा के हिसाब से देखें तो, 202526 में आयात 16.9 मिलियन टन तक पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले 6 फीसदी की वृद्धि है.
SEA के अनुसार, पिछले दो दशकों में आयात की मात्रा लगभग तीन गुना हो गई है, जबकि आयात की लागत 15 गुना बढ़ गई है. इसका मुख्य कारण यह है कि घरेलू उत्पादन बढ़ती मांग के साथ कदम नहीं मिला सका. इस साल मई में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय कंज्यूमर्स से खाना पकाने के तेल की खपत 10% कम करने की अपील की थी. उस समय चालू खाता घाटा बढ़ रहा था और रुपया कमजोर हो रहा था.
भारत किन तेलों का आयात करता है?
भारत अपनी सालाना जरूरत का लगभग 60 फीसदी हिस्सा आयात करता है. SEA के आंकड़ों से पता चलता है कि आयात में ‘क्रूड पाम ऑयल’ की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है, जिसके बाद सोयाबीन और सूरजमुखी के तेल आते हैं. भारत इंडोनेशिया और मलेशिया से पाम तेल, अर्जेंटीना और ब्राजील से सोया तेल, तथा रूस और यूक्रेन से सूरजमुखी तेल खरीदता है. इन तेलों के आयात के साथसाथ, देश में मूंगफली, सरसों, नारियल, तिल और अन्य स्थानीय तेलों का उत्पादन भी होता है. संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन के खाद्य मूल्य सूचकांक के अनुसार, अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाद्य तेलों की कीमतें पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 18 फीसदी अधिक थीं. इसी दौरान, खाद्य पदार्थों की कुल कीमतों में 5.9 फीसदी की वृद्धि देखी गई.
तेल का आयात महंगा क्यों हो गया?
खाद्य तेलों की ग्लोबल कीमतें कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले बदलावों से काफी हद तक जुड़ी होती हैं. ईरान युद्ध के बाद कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने पर, इंडोनेशिया जैसे देशों ने खाद्य तेलों का इस्तेमाल बायोफ्यूल बनाने के लिए करना शुरू कर दिया, जिससे इनकी सप्लाई कम हो गई. इसके अलावा, रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से चल रहे युद्ध और इंडोनेशिया में लगी आग ने भी कीमतों को और बढ़ा दिया. भारत में, जहां आयात का खर्च कंज्यूमर्स को ही उठाना पड़ता है, वहां भारतीय रुपए की कीमत गिरने से तेल और भी महंगे हो गए.
अभी खाना पकाने वाले तेल कितने महंगे हैं?
उपभोक्ता मामलों के विभाग के अनुसार, 20 नवंबर तक खाना पकाने वाले तेलों की खुदरा कीमतें पिछले साल की तुलना में 1316 फीसदी अधिक हैं. सरसों और मूंगफली का तेल अभी काफी महंगा है और 210 रुपए प्रति लीटर से अधिक की कीमत पर बिक रहा है, जबकि आयातित तेल अपेक्षाकृत सस्ते हैं. कई राज्यों में सूखे और कम बुआई के कारण घरेलू स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ी हैं. कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा रबी सीजन में सरसों की बुआई का रकबा पिछले साल की तुलना में 8.4 फीसदी कम है. SEA के अपने सर्वे के अनुसार, खरीफ तिलहन के प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में मूंगफली का उत्पादन कम बारिश के कारण पिछले साल की तुलना में 20% कम रहने का अनुमान है.
कीमतों को कम करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं?
पिछले कई दशकों से, भारत अपनी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पाम और सोया जैसे सस्ते और अधिक पैदावार देने वाले तेलों के आयात पर निर्भर रहा है, जिस पर आयात शुल्क भी न के बराबर है. घरेलू किसानों की सरसों और मूंगफली जैसी पारंपरिक तिलहन फसलों को उगाने में दिलचस्पी कम हो गई है. इन फसलों की खरीद की कोई पक्की गारंटी नहीं होती , और आयातित तेलों की तुलना में इनकी उत्पादकता भी कम है.
विशेषज्ञों का मानना है कि इसका कोई shortterm समाधान नहीं है. भारत को अधिक पैदावार देने वाली किस्मों को विकसित करने के लिए अनुसंधान में निवेश करने की आवश्यकता है. भारत फिलहाल ट्रांसजेनिक सोयाबीन से बने तेल के आयात की अनुमति देता है. यह तेल, भारतीय किसानों द्वारा उगाए जाने वाले नॉनट्रांसजेनिक सोयाबीन की तुलना में 23 गुना अधिक पैदावार देता है. SEA के अध्यक्ष अंगशु मल्लिक ने हाल ही में अपने सदस्यों को लिखे एक पत्र में कहा है कि भारत की आयात पर निर्भरता को देखते हुए, घरेलू पाम ऑयल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए दी गई फंडिंग ‘अपर्याप्त’ है.