उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ठाकुर राजनीति एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने अपनी पार्टी के तीन उम्मीदवारों का ऐलान कर चुनावी हलचल बढ़ा दी है. राजा भईया खुद कुंडा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि उनके करीबी विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ विनोद सरोज को बाबागंज से उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल को पार्टी ने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है.

विश्वनाथगंज सीट पर अपना दल का कब्जा है. यहां से अपना दल के विधायक हैं. यानी राजा भैया ने सीधे तौर पर बीजेपी के सहयोगी दल के खिलाफ भी चुनावी मोर्चा खोल दिया है. इसे महज तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला नहीं, बल्कि NDA के साथ संभावित गठबंधन की राजनीति के बीच राजा भैया की अपनी चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
अनुप्रिया पटेल से सियासी हिसाब बराबर कर रहे राजा भैया?
राजा भैया के इस फैसले के पीछे अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के साथ पुरानी राजनीतिक तल्खी को भी एक वजह माना जा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान अनुप्रिया पटेल ने राजा भैया पर निशाना साधा था. अब राजा भैया ने उनकी पार्टी के कब्जे वाली विश्वनाथगंज सीट पर उम्मीदवार उतारकर सहयोगी दल को चुनौती दे दी है.
सवाल यह है कि क्या राजा भैया केवल अपनी पार्टी का विस्तार करना चाहते हैं या फिर बीजेपी और उसके सहयोगियों को यह संदेश देना चाहते हैं कि यूपी की ठाकुर राजनीति में उनकी अनदेखी आसान नहीं होगी.
BJP से गठबंधन की चर्चा, लेकिन बात क्यों नहीं बनी?
कुछ समय पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एमएलसी चुनाव से पहले राजा भैया से मुलाकात की थी. इस मुलाकात को बीजेपी और जनसत्ता दल के बीच संभावित गठबंधन की दिशा में अहम कदम माना गया था.
चर्चा थी कि राजा भैया ने विधानसभा चुनाव में 6 से 8 सीटों की मांग रखी थी. वहीं बीजेपी एमएलसी चुनाव में राजा भैया का समर्थन चाहती थी. हालांकि, एमएलसी चुनाव में बीजेपी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. इसके बाद सीटों की मांग और गठबंधन को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी. राजा भैया कई मौकों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के समर्थन में खड़े नजर आए हैं, लेकिन अब तीन सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान गठबंधन की संभावनाओं पर नए सवाल खड़े कर रहा है.
इस तरह राजा भैया 2024के लोकसभा चुनाव दो सीटे मांगी थी लेकिन BJP से गठबंधन नही हो पाया. 2024 के लोकसभा चुनाव कौशाम्बी, प्रतापगढ़ और प्रयागराज लोकसभा सीट पर सपा उम्मीदवार की मदद की थी. सीट सपा जीत गयी थी.
कुंडा की कथा से निकला ठाकुर शक्ति प्रदर्शन का संदेश
राजा भैया की राजनीति को समझने के लिए कुंडा में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को भी देखना होगा. इस आयोजन के जरिए राजा भैया ने यूपी ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के कई प्रभावशाली क्षत्रिय चेहरों को एक मंच पर लाकर अपनी राजनीतिक और सामाजिक ताकत का प्रदर्शन किया.
इस मंच पर कभी राजा भैया के विरोधी रहे धनंजय सिंह और बृजेश सिंह भी नजर आए. गाजीपुर के विनीत सिंह, विधायक अभय सिंह, राजस्थान के रविंद्र सिंह भाटी जैसे चेहरे भी आयोजन में पहुंचे. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी कथा के पहले दिन पहुंचे, जिनसे राजा भैया की राजनीतिक दूरियां चर्चा में रही हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी कथा का निमंत्रण दिया गया था, हालांकि वह आयोजन में शामिल नहीं हुए. इस आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि क्षत्रिय समाज के प्रभावशाली चेहरों के एक मंच पर आने और अपनी ताकत दिखाने के राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा गया.
धनंजय सिंह का ऐलान भी बढ़ा सकता है बीजेपी की मुश्किल?
दूसरी तरफ, पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने भी मल्हनी विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. धनंजय सिंह की राजनीति भी पूर्वांचल में काफी प्रभाव रखती है. लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने बसपा से चुनाव लड़ने की तैयारी की थी, लेकिन बाद में पार्टी से अपना परिचय वापस ले लिया और बीजेपी उम्मीदवार कृपाशंकर सिंह के समर्थन में प्रचार किया था.
अब मल्हनी से निर्दलीय चुनाव लड़ने के ऐलान ने नए राजनीतिक समीकरण पैदा कर दिए हैं. हालांकि, अजीत सिंह हत्याकांड मामले में उनकी भूमिका को लेकर जांच की मांग और कानूनी प्रक्रिया भी उनकी राजनीतिक राह की चुनौतियां हैं. राजा भैया और धनंजय सिंह के अलगअलग चुनावी ऐलान को पूर्वांचल और अवध की राजनीति में ठाकुर नेताओं की सक्रियता बढ़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
क्या 2024 की तरह फिर BJP से नाराज हो सकता है ठाकुर वोट बैंक?
दरअसल, इस पूरी राजनीति की पृष्ठभूमि 2024 के लोकसभा चुनाव से जुड़ी है. उस समय यूपी में यह नैरेटिव तेजी से चला था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हटाने की कोशिश हो रही है. इसके बाद प्रदेश के अलगअलग हिस्सों में क्षत्रिय स्वाभिमान सम्मेलन, करणी सेना की बैठकें और पंचायतें हुईं. गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर और गाजीपुर समेत कई जिलों में बीजेपी के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली थी. संजीव बालियान और संगीत सोम के बीच की राजनीतिक खींचतान भी उस समय काफी चर्चा में रही.
बीजेपी के भीतर भी इस नाराजगी को लेकर मंथन हुआ था. संगठन स्तर पर उन क्षेत्रों और सीटों की समीक्षा की गई, जहां क्षत्रिय समाज की नाराजगी का पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा था. उस समय प्रदेश अध्यक्ष रहे भूपेंद्र चौधरी की ओर से केंद्रीय नेतृत्व तक इस संबंध में फीडबैक पहुंचाने की भी चर्चा रही. अब 2027 से पहले एक बार फिर क्षत्रिय नेताओं का एक मंच पर आना और चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी बीजेपी के लिए नई चुनौती बन सकती है.
योगी के चेहरे पर बहस ने बढ़ाई सियासी गर्मी!
इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीजेपी के अंदर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी बयानबाजी तेज है.
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व और चुनाव के बाद विधायक दल करेगा. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने अंदाज में कहा था कि सबको मालूम है कि मुख्यमंत्री कौन है. इस पर केशव मौर्य ने जवाब दिया था कि मुख्यमंत्री हैं, इसलिए अपने बारे में यही कह सकते हैं।
दूसरी तरफ शिवसेना नेता संजय राउत ने बयान दिया कि अगर 2027 में योगी आदित्यनाथ बीजेपी का चेहरा नहीं होते तो उत्तर प्रदेश में बीजेपी खत्म हो जाएगी. इन बयानों ने उस राजनीतिक चर्चा को और हवा दी है कि क्या 2027 में भी योगी आदित्यनाथ ही बीजेपी का चेहरा होंगे या पार्टी कोई नया राजनीतिक प्रयोग करेगी?
ठाकुर शक्ति प्रदर्शन का ब्राह्मण और OBC राजनीति पर असर?
राजा भैया की कथा में जिस तरह कई प्रभावशाली ठाकुर चेहरे एक मंच पर नजर आए, उसने एक और सवाल खड़ा कर दिया है. क्या यह शक्ति प्रदर्शन केवल क्षत्रिय समाज को एकजुट करने की कोशिश है या इसके जरिए 2027 के लिए कोई बड़ा राजनीतिक समीकरण तैयार किया जा रहा है?
यूपी की राजनीति में ठाकुर, ब्राह्मण और OBC मतदाताओं का अपना अलग महत्व है. ऐसे में अगर ठाकुर राजनीति के नाम पर कोई नया ध्रुवीकरण होता है तो उसका असर दूसरे सामाजिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है.
हालांकि, यह भी देखना होगा कि मंच पर एक साथ नजर आने वाले नेता चुनाव में भी एक साथ खड़े होते हैं या फिर सभी अपनीअपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए अलगअलग रास्ते चुनते हैं. कुंडा की कथा में सरकार और प्रशासन का सहयोग मिला, लेकिन कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री की कुछ टिप्पणियों को लेकर अखिलेश यादव ने विरोध भी जताया था. ऐसे में इस आयोजन के राजनीतिक और सामाजिक संदेश पर अलगअलग दलों की अपनीअपनी व्याख्या है.
बड़ा सवाल यही है कि क्या 2027 में ठाकुर राजनीति बीजेपी के लिए फिर चुनौती बनने जा रही है? राजा भैया का उम्मीदवार उतारना, धनंजय सिंह का निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान और कुंडा में क्षत्रिय नेताओं का शक्ति प्रदर्शन महज संयोग है या इसके पीछे कोई बड़ी राजनीतिक रणनीति है? फिलहाल इतना तय है कि यूपी चुनाव से पहले ठाकुर राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इसका सीधा असर बीजेपी के चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है. हालांकि, इसका वास्तविक असर चुनावी नतीजों में ही साफ होगा.