Madurai Deepathoon Controversy: तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर आज दीपक जलाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राज्य सरकार और प्रशासन को फटकार लगाते हुए CRPF की सुरक्षा में दीप जलाने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि पहले दिए गए आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किया गया, जो अदालत की अवमानना है।

क्या है दीप जलाने की परंपरा?
मदुरै में कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिगई दीपम उत्सव मनाया जाता है। इस दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ को दीपथून कहा जाता है। परंपरा के तहत इस स्तंभ पर दीपक जलाया जाता है। हिंदू पक्ष लंबे समय से इसी स्थान पर दीप जलाने की मांग कर रहा है, जबकि तमिलनाडु सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी थी।
20 से 27 नवंबर तक क्या हुआ?
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी थी। मंदिर प्रशासन की अधिकृत टीम बनाने और जिला कलेक्टर को ASI व पुलिस के साथ व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया था। 21 नवंबर को तमिलनाडु सरकार ने पुनर्विचार याचिका दाखिल की। सरकार का कहना था कि दीपथून धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजों के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है।
24 नवंबर को दीपथून की जगह उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया। इसके बाद भाजपा और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन को हाउस अरेस्ट किया गया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।
25 नवंबर को सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दीप नहीं जलने के लिए माफी मांगी। वहीं, 27 नवंबर को कोर्ट ने प्रशासन को फटकार लगाते हुए दीपथून पर दीप जलाने का आदेश दिया।
अधिकारियों को अवमानना नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों ने अदालत के आदेश के बजाय अपने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना। कोर्ट ने मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। साथ ही सुब्रमणिया स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर मंदिर का प्रशासन दो जजों की कमेटी को सौंप दिया।
1862 और 1912 में भी हुआ विवाद
दीपथून पर दीप जलाने को लेकर मंदिर और सिकंदर बदूशा दरगाह के बीच लंबे समय से विवाद है। पुराने अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 1862 और 1912 में भी स्तंभ पर दीप जलाने की कोशिश हुई थी, लेकिन अधिकारियों ने अनुमति नहीं दी।
क्या है जमीन का पुराना मामला?
1923 में सबकोर्ट ने पहाड़ी का मालिकाना हक मंदिर को दिया था। हालांकि , दरगाह, वहां तक जाने वाली सीढ़ियों और नेल्लीथोपे इलाके पर मुस्लिम समुदाय के अधिकार को भी माना गया था। 1926 में मद्रास हाईकोर्ट ने फैसला पलट दिया, लेकिन 1931 में लंदन की प्रिवी काउंसिल ने 1923 का फैसला बहाल कर दिया।
1996 में मद्रास हाईकोर्ट ने मंदिर प्रशासन को पारंपरिक स्थान के अलावा पहाड़ी पर दूसरी जगह दीप जलाने पर विचार करने की अनुमति दी थी। इसके लिए धार्मिक विभाग की मंजूरी और दरगाह से तय दूरी की शर्त रखी गई थी।