एक्टर-फिल्ममेकर रितेश देशमुख इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को लेकर चर्चा में हैं. इसमें वो छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म रिलीज से पहले विवादों के बीच घिरी नजर आ रही है. दरअसल, हाल ही में गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, जिन्हें बागेश्वर बाबा के नाम से भी जाना जाता है, ने छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर की विवादित टिप्पणी की थी. अब इसपर रितेश ने रिएक्ट किया है.

रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मराठी में एक तीखा पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘जब कोई हमारे पूजनीय देवता के बारे में तोड़-मरोड़ कर बकवास करता है, तो एक शिवप्रेमी और शिवभक्त होने के नाते यह बिल्कुल अस्वीकार्य और गुस्सा दिलाने वाला है. उनकी विरासत को कमतर दिखाने की ऐसी बेकार कोशिशें बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.’
उन्होंने आगे लिखा, ‘जैसे सह्याद्री की पर्वत श्रृंखलाएं लाखों सालों से मौजूद हैं और आगे भी रहेंगी, वैसे ही वह एक नाम आने वाले करोड़ों सालों तक अमर रहेगा. और वह नाम है क्षत्रिय कुलावतंस, सिंहासनाधीश्वर, महाराजाधिराज छत्रपति शिवाजी महाराज का
बता दें, यह विवाद तब और बढ़ गया जब बागेश्वर बाबा ने अपने भाषण में दावा किया, ‘छत्रपति शिवाजी महाराज युद्ध लड़ते-लड़ते बहुत थक गए थे. एक दिन वह रामदास स्वामी के पास गए. उन्होंने अपना मुकुट उतारकर रख दिया और कहा, ‘मैं अब युद्ध नहीं करना चाहता. आप इस मुकुट को संभालिए, इस राज्य को चलाइए. अब हम आपकी आज्ञा का पालन करेंगे. हम अब लड़ नहीं सकते, बहुत थक गए हैं और कुछ समय आराम करना चाहते हैं.’
इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर काफी विरोध देखने को मिला, जहां आलोचकों ने उन पर छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत और ऐतिहासिक छवि को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया.
रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ ऐतिहासिक ड्रामा मराठा शासक के शुरुआती जीवन को दिखाता है, जिसमें उनके ‘स्वराज्य’ के विज़न और उस दौर की शक्तिशाली ताकतों के खिलाफ उनके संघर्ष पर फोकस किया गया है.
इस फिल्म को ज्योति देशपांडे और जेनेलिया देशमुख ने मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले प्रोड्यूस किया है, जबकि जियो स्टूडियोज़ इसे प्रजेंट कर रहा है. फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, भाग्यश्री, महेश मांजरेकर और बोमन ईरानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म ‘राजा शिवाजी’ 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. दर्शक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.





