Core Sector Growth: देश के बुनियादी उद्योगों के लिए अक्टूबर का महीना बेहद शानदार साबित हुआ है. ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि भारत के कोर सेक्टर की रफ्तार पहले से कहीं ज्यादा तेज हो गई है. सितंबर में जो ग्रोथ 8.2 फीसदी पर थी, वो अक्टूबर में उछलकर सीधे 10.9 फीसदी पर पहुंच गई. ये आंकड़ा साफ इशारा करता है कि देश के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर उद्योगों में कामकाज ने मजबूती पकड़ी है.

पिछले कुछ महीनों से कोर इंडस्ट्रीज के इंडेक्स में जो तेजी दिख रही थी, अक्टूबर के नंबरों ने उस पर मुहर लगा दी है. खास बात ये रही कि ज्यादातर बड़े सेक्टरों ने उत्पादन के मोर्चे पर शानदार वापसी की. हालांकि, कुछ सेक्टर ऐसे भी रहे जिनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वहां गिरावट देखने को मिली.
आयरन ओर, कोयला सेक्टर ने लगाई लंबी छलांग
अक्टूबर के आंकड़ों में सबसे बड़ा हीरो आयरन ओर यानी लौह अयस्क रहा. आठ प्रमुख कोर इंडस्ट्रीज के बीच आयरन ओर ने सबसे तेज रफ्तार पकड़ते हुए 26.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की. इसके ठीक पीछे कोयला सेक्टर रहा, जिसने 23.1 फीसदी की बढ़त के साथ अपनी मजबूती दिखाई.
बिजली उत्पादन के मोर्चे पर भी बड़ी तेजी देखने को मिली. अक्टूबर में बिजली सेक्टर की ग्रोथ 21.6 फीसदी रही. इन तीनों सेक्टरों के दमदार प्रदर्शन ने पूरे कोर सेक्टर इंडेक्स को ऊपर खींचने में सबसे अहम भूमिका निभाई.
सीमेंट से लेकर रिफाइनरी तक का पूरा हाल
निर्माण से जुड़े उद्योगों ने भी अक्टूबर में अच्छी रफ्तार दिखाई. सीमेंट उत्पादन में 15.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, स्टील सेक्टर ने भी सकारात्मक रुख बनाए रखा और इसमें 7.3 फीसदी की ग्रोथ रही.
दूसरी तरफ, रिफाइनरी प्रोडक्ट्स की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर रही, लेकिन ये सेक्टर भी बढ़त बनाने में कामयाब रहा. अक्टूबर में रिफाइनरी प्रोडक्ट्स में 3.4 फीसदी की ग्रोथ दर्ज हुई. हाल के महीनों की बात करें तो आयरन ओर, बिजली, सीमेंट, कोयला और स्टील ही वो पांच मुख्य इंजन रहे हैं, जिन्होंने कोर इंडस्ट्रीज के इंडेक्स की कुल ग्रोथ को आगे बढ़ाया है.
इन तीन सेक्टरों में दर्ज हुई गिरावट
जहां एक तरफ ज्यादातर इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टरों ने जोरदार छलांग लगाई, वहीं तीन सेक्टर ऐसे रहे जिन्होंने अक्टूबर में निराश किया. नेचुरल गैस, कच्चा तेल और फर्टिलाइजर के उत्पादन में इस महीने नेगेटिव ग्रोथ दर्ज की गई. इन तीनों सेक्टरों में आई सुस्ती के बावजूद बाकी उद्योगों की तेजी इतनी जबरदस्त थी कि कुल कोर सेक्टर आउटपुट डबल डिजिट में पहुंच गया.
अप्रैल से अक्टूबर तक के आंकड़ों की तस्वीर
सिर्फ एक महीने के प्रदर्शन के बजाय अगर पूरे वित्तीय वर्ष के शुरुआती सात महीनों को देखें, तो तस्वीर और भी साफ हो जाती है. अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान इंडेक्स ऑफ कोर इंडस्ट्रीज की कुल ग्रोथ रेट 6 फीसदी रही.पिछले साल की इसी अवधि में ये कुल ग्रोथ रेट महज 2.3 फीसदी थी. यानी पिछले साल के मुकाबले इस साल के शुरुआती सात महीनों में कोर सेक्टर ने ढाई गुना से भी ज्यादा तेज रफ्तार पकड़ी है.