सेहत ठीक है या नहीं इसको जांचने का एक तरीका बीपी चेक करना भी होता है. अगर बीपी नॉर्मल है तो माना जाता है कि हार्ट से संबंधित गंभीर समस्या नहीं है. बीपी चेक करने के लिए कई लोग आज भी डॉक्टर के पास जाकर टेस्ट करते हैं. अगर ये नॉर्मल आता है तो मान लेते हैं कि बीपी की बीमारी नहीं है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसी स्थिति भी होती है जिसमें क्लिनिक या डॉक्टर के पास में BP चेक करने पर सामान्य दिखता है, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में यह बढ़ा हुआ रहता है.

मेडिकल साइंस में इस स्थिति को कहते हैं. ये वो समस्या है जिसमें आपको लगता है कि बीपी नॉर्मल है लेकिन असर में हार्ट पर खतरा बना रहता है. मास्कड हाइपरटेंशन क्या होता है इस बारे में अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन ने जानकारी दी है. एसोसिएशन के मुताबिक, इसमें व्यक्ति का BP अस्पताल या क्लिनिक में 120/80 mmHg के आसपास रहता है, लेकिन घर या ऑफिस में काम के दौरान यह 140/80 या उससे ज्यादा हो सकता है.
क्यों खतरनाक है मास्कड हाइपरटेंशन
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के मुताबिक, दुनिया में करीब 5 से 10 फीसदी लोगों को यह समस्या होती है. उनका बीपी ऑफिस या घर में बढ़ा रहता है. ऐसा मानसिक तनाव या किसी काम की टेंशन के कारण होता है. लेकिन जब ये लोग रिलैक्स होते हैं और क्लीनिक पर जाकर बीपी चेक करते हैं तो ये नॉर्मल आता है, लेकिन खतरा बना रहता है. मास्कड हाइपरटेंशन इसलिए खतरनाक है क्योंकि इसके बारे में पता नहीं चलता है और ये धीरे- धीरे हार्ट को नुकसान करता रहता है. कई रिसर्च में पाया गया है कि मास्क हाइपरटेंशन वाले लोगों में दिल की बीमारियों का खतरा सामान्य लोगों से ज्यादा होता है.
मास्कड हाइपरटेंशन होता क्यों है
दिल्ली के राजीव गांधी हॉस्पिटल में कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि कुछ लोगों बिना वजह का मानसिक तनाव लेते हैं और टेंशन में आ जाते हैं. ऐसा अकसर ऑफिस या घर में किसी वजह से हो जाता है, लेकिन ये थोड़े समय के लिए रहता है और इस दौरान उनका बीपी बढ़ जाता है जो कई घंटों के लिए बढ़ा रह सकता है, लेकिन जब ये लोग रिलैक्स होकर किसी डॉक्टर के पास जाते हैं तो तब इनका बीपी नॉर्मल रहता है और रीडिंग में सामान्य आता है. ऐसे में इनको लगता है कि बीपी को कोई समस्या नहीं है, लेकिन असल में धीरे- धीरे हार्ट को नुकसान हो रहा होता है.
कैसे करें पहचान?
डॉक्टर सलाह देते हैं कि सिर्फ क्लिनिक में BP चेक करवाना काफी नहीं है. ये भी जरूरी है कि आप घर पर 24 घंटे की एम्बुलेटरी BP मॉनिटरिंग करें. ये उन लोगों के लिए जरूरी है जो एकदम मानसिक तनाव में आ जाते हैं. सिर में पिछले हिस्से में दर्द रहता है और कभी -कभी छाती में भी दर्द महसूस होता है.
बचाव के लिए क्या करें
रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज करें
नमक का सेवन कम करें
मानसिक तनाव को कंट्रोल करें
स्मोकिंग और अल्कोहल से दूरी बनाएं





