उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है. आरोपी ने यह वारदात पत्नी के चरित्र पर शक की वजह से अंजाम दिया है. बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह वारदात गोंडा के कौड़िया थाना क्षेत्र में कोटिया मदारा गांव का है.

पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाले मनोज कुमार शुक्ला ने 20 नवंबर की रात करीब 11 बजे अपनी पत्नी सुमन शुक्ला की हत्या कर दी. आरोपी पति ने सुमन के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए. इससे मौके पर ही मौत हो गई थी. 12 वर्षीय बेटे के सामने ही इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. आरोपी के जाने के बाद बेटे किशन ने घटना की जानकारी फोन पर अपनी नानी सीतावती तिवारी को दी.
पुलिस ने कब्जे में लिया शव
पुलिस के मुताबिक सूचना मिलते ही महिला की मां ने पुलिस को सूचना दी और तुरंत अपने परिजनों के साथ बेटी के घर पहुंची. यहां सुमन का शव बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा था. इतने में पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू किया. इस दौरान पता चला कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी शक की वजह से उसने पत्नी की हत्या कर खुद अपना ही घर उजाड़ लिया है.
पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा
सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को अरेस्ट कर अदालत में पेश किया. फिर उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर लिया है. एएसपी वेस्ट नितेश सिंह के मुताबिक आरोपी करीब दो वर्ष पहले पत्नी के साथ पानीपत गया था. उसे शक था कि उसकी पत्नी वहीं पर किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में आ गई थी.