एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग की पत्नी लोरी हुआंग इन दिनों संभावित तलाक को लेकर चर्चा में हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि अगर लोरी अपने पति से तलाक लेने का फैसला करती हैं, तो उन्हें करीब 60 अरब डॉलर या इससे भी ज्यादा की संपत्ति मिल सकती है. अगर ऐसा हुआ तो यह दुनिया के सबसे बड़े तलाक सेटलमेंट में से एक होगा. यहां तक कि बिल गेट्स के तलाक से जुड़े चर्चित 76 अरब डॉलर के आंकड़े को भी पीछे छोड़ने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, लोरी ने अब तक तलाक को लेकर कोई बयान नहीं दिया है.

जेन्सन हुआंग की संपत्ति में आई बड़ी गिरावट
फोर्ब्स के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को जेन्सन हुआंग की कुल संपत्ति करीब 155.2 अरब डॉलर थी. उनकी ज्यादातर दौलत एनवीडिया के शेयरों से जुड़ी है. हाल के दिनों में कंपनी के शेयरों में बड़ी गिरावट आई है. मार्केटवॉच के मुताबिक, 6 अक्टूबर को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद एनवीडिया का शेयर करीब 27% तक गिर चुका है. इससे कंपनी के मार्केट कैप में लगभग 1.6 लाख करोड़ डॉलर की कमी आई है.
इस गिरावट का असर जेन्सन की संपत्ति पर भी पड़ा है. कंपनी में उनकी हिस्सेदारी करीब 3.58% बताई गई है. अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन में मई 2026 में दाखिल दस्तावेज के मुताबिक, उनके पास कुल 87.06 करोड़ शेयरों है. हालांकि, यह पूरी हिस्सेदारी उनकी व्यक्तिगत संपत्ति नहीं मानी जा सकती, क्योंकि इसमें ट्रस्ट और अन्य संस्थाओं के शेयर भी शामिल हैं.
लोरी को कैसे मिल सकते हैं 60 अरब डॉलर?
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट में संभावित तलाक सेटलमेंट का अनुमान लगाया गया है. इसके मुताबिक, जेन्सन के सीधे नियंत्रण और दंपती के लिविंग ट्रस्ट व छह कंपनियों के पास एनवीडिया के करीब 67 करोड़ शेयर हैं. अगर इन शेयरों का आधा हिस्सा लोरी को मिलता है, तो उनके हिस्से में करीब 33.5 करोड़ शेयर आ सकते हैं. रिपोर्ट में इस्तेमाल किए गए 179 डॉलर प्रति शेयर के भाव के हिसाब से इनकी कीमत लगभग 60 अरब डॉलर बैठती है.
इसके अलावा करीब 14 करोड़ शेयर दो अलगअलग ट्रस्ट में रखे गए हैं. तलाक की स्थिति में इन शेयरों पर किसका अधिकार होगा, यह ट्रस्ट के नियमों और कानूनी दस्तावेजों पर निर्भर करेगा. ध्यान देने वाली बात है कि SEC और न्यूयॉर्क पोस्ट के आंकड़े अलगअलग शेयर होल्डिंग को दिखाते हैं, इसलिए दोनों को एक जैसा नहीं समझना चाहिए.
कैलिफोर्निया का कानून लोरी को कितना अधिकार देता है?
जेन्सन और लोरी की शादी 1980 के दशक के मध्य में हुई थी. खास बात यह है कि जेन्सन ने एनवीडिया की स्थापना 1993 में की थी. यानी कंपनी की शुरुआत से पहले ही दोनों शादी कर चुके थे. कैलिफोर्निया के कानून के मुताबिक, शादी के दौरान राज्य में अर्जित की गई संपत्ति को सामान्य तौर पर पतिपत्नी की संयुक्त संपत्ति माना जाता है. ऐसे मामलों में तलाक होने पर इसे बराबर बांटने का प्रावधान है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि लोरी को जेन्सन की पूरी 155.2 अरब डॉलर की संपत्ति का आधा हिस्सा अपने आप मिल जाएगा. शादी से पहले अर्जित संपत्ति, विरासत में मिली दौलत और व्यक्तिगत उपहार अलग संपत्ति माने जा सकते हैं. इसके अलावा दोनों के बीच कोई समझौता हुआ है या नहीं, यह भी अहम होगा.
कैलिफोर्निया के तलाक कानून के जानकारों के मुताबिक, राज्य में तलाक के लिए पति या पत्नी की बेवफाई के आधार पर संपत्ति का बंटवारा नहीं बढ़ाया जाता. यानी जेन्सन के कथित अफेयर का लोरी को मिलने वाली कानूनी हिस्सेदारी पर सीधा असर नहीं पड़ेगा.
क्या टूट सकता है बिल गेट्स के तलाक का रिकॉर्ड?
साल 2021 में बिल गेट्स और मेलिंडा गेट्स का तलाक हुआ था. इस तलाक को लेकर करीब 76 अरब डॉलर के संपत्ति बंटवारे की चर्चा होती है. हालांकि, दोनों के बीच हुए वास्तविक समझौते की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी. इसलिए 76 अरब डॉलर का आंकड़ा भी एक अनुमान है. अगर लोरी को जेन्सन की पूरी 155.2 अरब डॉलर की संपत्ति का आधा हिस्सा मिलता है, तो यह रकम करीब 77.6 अरब डॉलर होगी. लेकिन इसके लिए जेन्सन की लगभग पूरी संपत्ति को वैवाहिक संयुक्त संपत्ति मानना होगा, जिसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
इस मामले की तुलना अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और मैकेंजी स्कॉट के तलाक से भी की जा रही है. 2019 में स्कॉट को अमेजन के 1.97 करोड़ शेयर मिले थे, जिनकी उस समय कीमत करीब 38.3 अरब डॉलर थी. ऐसे में लोरी को मिलने वाला संभावित 60 अरब डॉलर का सेटलमेंट इस आंकड़े से काफी बड़ा हो सकता है.