कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में मकान को लेकर चल रहा भाइयों का पुराना विवाद खौफनाक वारदात में बदल गया। संजय गांधी नगर में 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगड़ू की हत्या कर शव पड़ोस के खाली प्लॉट में फेंक दिया गया। हत्या का आरोप उसके 37 वर्षीय छोटे भाई प्रियम सिंह पर लगा है। सोमवार सुबह खाली प्लॉट में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, आनंद सिंह और उसके छोटे भाई प्रियम सिंह के बीच मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। विवाद पुलिस तक पहुंचने के बाद निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच तनाव कम नहीं हुआ।
आरोप है कि रविवार देर रात नशे की हालत में दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान प्रियम सिंह ने ईंट से आनंद पर हमला कर दिया। हमले में आनंद की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को पड़ोस में रहने वाले सचिन कुमार पाल के खाली प्लॉट में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
वारदात में आरोपी की पत्नी और बेटी की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में है। स्थानीय लोगों ने तीनों पर आनंद के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, घटना से पहले घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद कर दिया गया था। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि कैमरा कब और किसने बंद किया था तथा वारदात के समय परिवार के अन्य सदस्य कहां मौजूद थे।
सोमवार सुबह खाली प्लॉट में शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी की पत्नी और नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी प्रियम सिंह की तलाश जारी है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच मकान को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी झगड़ा होने पर पुलिस की ओर से निरोधात्मक कार्रवाई की गई थी। रविवार देर रात दोबारा विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या की घटना सामने आई।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हिरासत में लिए गए परिजनों से पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या की वारदात में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।