Wednesday, April 29, 2026
Viral

कोटा सिटी मॉल में भीषण आग का तांडव: कपड़ा शोरूम से उठीं लपटें

कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित सिटी मॉल में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक एक कपड़ों के शोरूम में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मॉल में धुआं फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालात ऐसे बन गए कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

कोटा सिटी मॉल में भीषण आग का तांडव: कपड़ा शोरूम से उठीं लपटें
कोटा सिटी मॉल में भीषण आग का तांडव: कपड़ा शोरूम से उठीं लपटें

कुछ लोग मौके पर रुककर घटना का वीडियो बनाते रहे, जिसमें ऊपरी मंजिल से उठती लपटें साफ दिखाई दे रही हैं। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में शोरूम से उठती लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। धुएं के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया, जिससे मॉल को तत्काल खाली कराया गया। घटना के दौरान लोगों में डर और घबराहट साफ देखी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते मॉल को खाली करा लिया गया, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से शोरूम में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply