अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब जर्मनी पर तीखा हमला बोलकर वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज पर निशाना साधा।

ट्रंप ने आरोप लगाया कि जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का मानना है कि ईरान के पास परमाणु हथियार होना ठीक है, जिसे उन्होंने पूरी तरह गलत करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार आ गया तो पूरी दुनिया बंधक बन सकती है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि वह ईरान के मुद्दे पर अभी ऐसी कार्रवाई कर रहे हैं, जो अन्य देशों या पूर्व राष्ट्रपतियों को पहले ही कर लेनी चाहिए थी। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश हर मोर्चे पर कमजोर प्रदर्शन कर रहा है।
दरअसल, जर्मनी के चांसलर ने सोमवार को अपने बयान में कहा था कि अमेरिका को ईरान की जंग से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को जितना कमजोर समझा गया था वह उससे कहीं ज्यादा ताकतवर निकला। इसके साथ ही उन्होंने यह चेतावनी दी थी कि दुनिया का एक बड़ा तेल रास्ता आंशिक रूप से बारूदी सुरंगों से भरा हुआ है जो कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था के लिए खतरा है।
चांसलर मर्ज ने जर्मनी के राइन-वेस्टफेलिया में यह बयान दिया था। उन्होंने कहा था, अमेरिका लड़ रहा है लेकिन उसके पास कोई स्पष्ट प्लानिंग नहीं है कि यह जंग कैसे खत्म होगी। उन्होंने कहा कि ईरान बहुत चालाकी से काम ले रहा है। हालांकि मर्ज ने ईरान की सरकार खासकर रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की कड़ी आलोचना की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया का सबसे जरूरी तेल रास्ता है लेकिन वहां बारूदी सुरंगें बिछी हुई हैं।





