इंडियन आर्मी के संयुक्त राष्ट्र मिशन में तैनात जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवता का परिचय दिया है. संयु्क्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत तैनात भारतीय रैपिड डिप्लॉयमेंट बटालियन (INDRDB) ने गोमा शहर में लगी भीषण आग पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कई लोगों की जान बचाई.

यह घटना Goma के बुजोवी क्वार्टर इलाके में हुई, जहां एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई. देखते ही देखते आग आसपास के तीन घरों तक फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सेना ने 10-12 लोगों को बचाया
सूचना मिलते ही BFICHU कैंप में तैनात भारतीय जवान मौके पर पहुंचे और हालात को संभाल लिया. क्विक रिएक्शन फोर्स (QRF) ने तुरंत इलाके को घेरकर 10 से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. फायर फाइटिंग टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया और घरों के अंदर फंसे लोगों की तलाश की. राहत कार्य के दौरान 6 से 7 घायल लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया.
भारतीय सैनिकों ने LAVA साइट से फायर ब्रिगेड टीमों को भी मौके तक पहुंचाने और कॉर्डिनेशन बनाने में मदद की, जिससे आग पर जल्दी काबू पाया जा सका. इस कार्रवाई की वजह से न तो कोई जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ और न ही आग और ज्यादा फैल पाई. यह घटना दिखाती है कि भारतीय सैनिक सिर्फ युद्ध ही नहीं, बल्कि मानवता और शांति की रक्षा में भी हमेशा आगे रहते हैं.





