उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में नौंवी की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी है. फांसी लगाने से पहले छात्रा ने अपनी कलाई पर पहले मेंहदी से अपने बॉयफ्रेंड का नाम लिखा. फिर इस नाम को अमिट बनाने के लिए ब्लेड से लिखा. इसके बाद वह कमरे में पंखे के कुंदे से फंदा लगाकर लटक गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग लड़की का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र में धनसिरिया गांव में शुक्रवार देर रात का है. पुलिस के मुताबिक में कक्षा 9 में पढ़ने वाली यह छात्रा कबड्डी खिलाड़ी थी. परिजनों से पूछताछ में पता चला कि शुक्रवार की रात पड़ोस में एक लड़की की बारात आई थी. लड़की का पूरा परिवार इस शादी में शामिल था. देर रात लड़की अचानक शादी वाले घर से अपने घर आई और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों को सुबह घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई.
शव देख मां के उड़ गए होश
शादी संपन्न होने के बाद लड़की की मां घर लौटी. उसने खूब दरवाजा बजाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. फिर मां ने खिड़की से झांकर देखा तो उनकी बेटी का शव फंदे से लटका हुआ था. यह दृष्य देखकर उसकी मां के तो होश ही उड़ गए. उसने शोर मचाकर पास पड़ोस के लोगों को बुलाया और दरवाजा तोड़ा गया. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
सामने आई ये कहानी
पुलिस के मुताबिक छात्रा की कलाई पर मेहंदी और ब्लेड से उसके प्रेमी अनुपम का नाम लिखा हुआ था. पूछताछ में पता चला कि अनुपम छात्रा के साथ ही कोचिंग पढ़ने जाता है. नौडिहवा गांव के रहने वाले इस युवक के साथ लड़की का एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसका विरोध कर रहे थे. इसके चलते लड़की ने पहले में भी एकदो बार हाथ की नसें काटने की कोशिश की थी.
जांच में जुटी पुलिस
राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा के अनुसार लड़की की मौत फांसी लगाने की वजह से हुई है. छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही उसका मोबाइल फोन जब्त कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है. मोबाइल कॉल डिटेल रिपोर्ट व पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. इस रिपोर्ट के आने के बाद ही घटना की वजह साफ हो सकेगी.