दुनियाभर में इलेक्ट्रिक कारों की मांग तेजी से बढ़ रही है. भारत में भी यही हाल है. पिछले कुछ सालों में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है. इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती बिक्री के साथ पुरानी बैटरियों को लेकर सवाल भी बढ़ रहा है. चिंता यह है कि जब बड़ी संख्या में EV पुरानी होंगी, तब उनकी बैटरियों का क्या किया जाएगा? हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि हर पुरानी बैटरी सीधे कचरे में नहीं जाएगी. उसकी क्षमता कम होने के बाद भी उसे दूसरे कामों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

चीन दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वाहन बाजार है. यहां नई EV की बिक्री इतनी तेजी से बढ़ रही है कि सड़कों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक कारों की औसत उम्र करीब 1.8 साल है. पेट्रोल कारों की औसत उम्र 8 साल से ज्यादा है. इसका मतलब यह नहीं है कि लोग अपनी EV इतनी जल्दी बदल रहे हैं. इसकी बड़ी वजह चीन में नई इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की तेज रफ्तार है.
बैटरी का दोबारा इस्तेमाल
EV की बैटरी समय के साथ अपनी क्षमता खोती है. मान लीजिए किसी बैटरी की क्षमता करीब 20 फीसदी कम हो गई है. ऐसे में वह कार को पहले जैसी रेंज देने में सक्षम नहीं होगी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि बैटरी पूरी तरह खत्म हो गई. ऐसी बैटरी को कार से निकालकर बिजली स्टोर करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी जिस बैटरी से कार पहले सड़क पर चलती थी, वही बाद में घर, ऑफिस या किसी दूसरे स्थान पर बिजली के बैकअप का काम कर सकती है.
सोलर पावर से लेकर बैकअप तक आएगी काम
पुरानी EV बैटरियों का इस्तेमाल कई तरह से किया जा सकता है. इन्हें घरों और कंपनियों में बिजली स्टोर करने के लिए लगाया जा सकता है. सोलर पैनल से बनने वाली बिजली को स्टोर करने में भी इनका इस्तेमाल संभव है. इसके अलावा पावर बैकअप के तौर पर भी इन बैटरियों का इस्तेमाल किया जा सकता है. कुछ बैटरियों को रीफर्बिश करके दूसरी इलेक्ट्रिक कारों में दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. कुछ बैटरियों को दूसरे कामों के लिए रीपर्पज किया जा सकता है. जब बैटरी पूरी तरह इस्तेमाल के लायक नहीं रहती, तब उसमें मौजूद लिथियम, निकेल, कोबाल्ट और कॉपर जैसे कीमती पदार्थों को रिसाइकिल किया जा सकता है.
क्या बैटरी बन सकती है कार से ज्यादा कीमती?
ऑयल प्राइस डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले समय में ऐसा संभव है कि कोई व्यक्ति बैटरी खराब होने के कारण नहीं, बल्कि बेहतर रेंज, तेज चार्जिंग या नए फीचर्स वाली कार के लिए अपनी पुरानी EV बदल दे. ऐसे में कार की बाजार कीमत तेजी से गिर सकती है, लेकिन उसकी बैटरी की उपयोगिता बनी रह सकती है. यही वजह है कि 5 या 7 साल पुरानी इलेक्ट्रिक कार में बैटरी वाहन की बची हुई कीमत का बड़ा हिस्सा हो सकती है. कुछ मामलों में बैटरी की कीमत कार के बाकी हिस्सों से भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकती है.