Viral Video: अक्सर जब हम विदेश जाने की बात करते हैं, तो हमारे जेहन में सबसे पहले बेहतर लाइफस्टाइल, मोटी तनख्वाह और साफ-सुथरी शानदार सड़कों की छवि उभरती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस चकाचौंध के पीछे कितनी बड़ी भावनात्मक कीमत चुकानी पड़ती है. आयरलैंड के डबलिन में रहकर काम कर रही एक भारतीय महिला प्राची दुसाद का एक वीडियो इन दिनों यूजर्स की आंखों में आंसू ला रहा है.

‘खर्च सिर्फ पैसों का नहीं, जज्बातों का भी होता है’
प्राची ने @inner_voice_chronicles नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया है. उनका कहना है कि जब भी कोई उनसे विदेश में रहने के खर्च के बारे में पूछता है, वे रेंट, ग्रोसरी या फिर बिजली बिल की बात करते हैं. लेकिन प्राची के अनुसार, विदेश में रहने की कीमत वह है, जिसे पैसों से तोला नहीं जा सकता, और वो है अपनों से दूर रहने का गम, और परिवार के खास लम्हों को मिस करना.
उन्होंने आगे बताया कि इस समय भारत में उनके कजिन की शादी हो रही है. उनका पूरा बड़ा मारवाड़ी परिवार एकसाथ है. नाच-गाना हो रहा है. खुशियां मनाई जा रही हैं. वह कहती हैं, फैमिली के वॉट्सऐप ग्रुप पर तस्वीरों और वीडियोज देखकर उनका मन भारी हो रहा है. क्योंकि, वह इस मौके पर उनके बीच नहीं हैं.
‘मजबूरी पैसों की नहीं, जिम्मेदारियों की’
प्राची ने एक कड़वा सच उजागर करते हुए कहा, मैं फ्लाइट का टिकट तो खरीद सकती हूं, लेकिन यहां की बिजी लाइफ और मेरी जिम्मेदारियां मुझे चाहकर भी घर नहीं लौटने दे रहीं. उन्होंने कहा, यही वो असली कीमत है, जो परदेस में रहकर हम चुकाते हैं. हम विदेश में होते हैं, पर दिल हमेशा घर की चौखट पर ही रहता है.
यह वीडियो उन लाखों भारतीयों की आवाज बन गया है, जो रोजी-रोटी की तलाश में घर से दूर रह रहे हैं. एक ने भावुक होकर लिखा, हम पैसे तो कमा लेते हैं, पर यादें खो देते हैं. दूसरे ने कहा, ऐसे मौकों पर दूर विदेश में अकेले बैठना, सबसे मुश्किल होता है.
यहां देखिए वीडियो
View this post on Instagram





